इंग्लैंड के क्लब क्रिकेट में एक ऐसा विवाद सामने आया है, जिसने पूरी क्रिकेट दुनिया को हैरान कर दिया है. आरोप किसी बॉल टैंपरिंग, बॉल बदलने या पिच से छेड़छाड़ का नहीं, बल्कि उंगली चटकाकर (Finger Click) बल्लेबाज को आउट कराने की कथित चाल का है. सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस खिलाड़ी को नया नाम मिल गया है- 'क्लिकी पोंटिंग' (Clicky Ponting).
यह मामला अब इतना बढ़ चुका है कि नॉर्थ यॉर्कशायर एंड साउथ डरहम क्रिकेट लीग ने आधिकारिक जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
विवाद 25 जुलाई को सॉल्टबर्न क्रिकेट क्लब और नॉर्टन के बीच खेले गए डिविजन-2 मुकाबले से शुरू हुआ. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक फील्डर स्लिप या शॉर्ट लेग जैसी पोजिशन पर खड़ा दिखाई देता है. जैसे ही गेंद बल्लेबाज के बल्ले के पास से गुजरती है, वह कथित तौर पर अपनी उंगलियां चटकाता है.
आरोप है कि इस 'क्लिक' की आवाज से ऐसा भ्रम पैदा किया जाता था, मानो गेंद बल्ले का किनारा (Edge) लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में गई हो. इसके बाद जोरदार अपील होती और अंपायर बल्लेबाज को आउट दे देते.
@Saltburncc First slip clicks his fingers to imitate an edge, bat nowhere near it and given out.
— Ben Mummery (@ben_mummery) July 27, 2026
This is about the worst case of cheating I’ve ever seen in cricket.
Apparently, their keeper has a huge amount of catches this season.@talkSPORT @bbctms @SkyCricket @TailendersPod pic.twitter.com/iM7lZfKF5q
कौन है 'क्लिकी पोंटिंग'?
ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक इस खिलाड़ी का नाम ब्रायन डिवाइन (Brian Devine) है. वह पेशे से एक पशु नीलामी (Livestock Auction) कंपनी के डायरेक्टर और कंपनी सेक्रेटरी हैं. विवाद पर उनसे प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा,'स्वाभाविक रूप से मैं इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता.'
हालांकि इंटरनेट ने उन्हें नया नाम दे दिया- 'Clicky Ponting', जो ऑस्ट्रेलिया के महान कप्तान रिकी पोंटिंग के नाम पर रखा गया है.
पूरे सीजन से चल रही थी कथित चाल?
नॉर्टन के खिलाड़ी नोमान शबीर का दावा है कि यह कोई एक मैच की घटना नहीं थी.
उनके मुताबिक,'सबूत बताते हैं कि लगभग हर क्लब के खिलाफ और लगभग हर मैच में ऐसा किया गया. दिलचस्प बात यह है कि जब यह क्लिकिंग बंद हुई तो लंबे समय तक विकेट भी नहीं मिले.'
वहीं मिडिल्सब्रा के कप्तान रोरी कॉटरिल ने भी आरोप लगाया कि उनकी टीम के दो किशोर बल्लेबाज इस कथित चाल का शिकार हुए.
Boro 2s skippa here, was 2 more incidents during this game, leading to a 15 and 16 year old being cheated out of an innings, along with this one. I was at the non strikers end at the time unknowingly watching them cheat in real time. We lost this game by 29 runs. Shocking. pic.twitter.com/BTTngKbjw3
— rory99 (@rorycotters9) July 27, 2026
उन्होंने कहा,'मैं नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़ा था और अपनी आंखों के सामने यह सब होते देखा. हमने मैच 29 रन से गंवाया. यह बेहद चौंकाने वाला था.'
विकेटकीपर के आंकड़ों पर भी उठे सवाल
इस विवाद के बाद सॉल्टबर्न के विकेटकीपर जोश बोव्स के आंकड़े भी चर्चा में आ गए हैं. रिकॉर्ड के मुताबिक उन्होंने पिछले आठ मैचों में 31 कैच लपके, जबकि एक ही पारी में 8 कैच लेने का कारनामा भी किया.
यही आंकड़ा अब सवालों के घेरे में है क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में किसी विकेटकीपर द्वारा एक पारी में सबसे ज्यादा 7 शिकार करने का रिकॉर्ड है, जिसे वसीम बारी, बॉब टेलर, इयान स्मिथ और रिडली जैकब्स संयुक्त रूप से साझा करते हैं.
Saltburn CC And It's Players Were Cheating For More Than A Year pic.twitter.com/jrnKlr6UAc
— Aryan Goel 2.0 (@AryanGoelNew) July 28, 2026
सोशल मीडिया पर छाया 'क्लिकी पोंटिंग'
वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गया. दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन और चर्चित ब्रॉडकास्टर पियर्स मॉर्गन समेत कई बड़ी हस्तियों ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद सॉल्टबर्न क्लब ने अपने कुछ मैचों की लाइवस्ट्रीम भी वेबसाइट से हटा दी. वहीं ब्रायन डिवाइन की सास जॉर्जिया वॉन ने उनका बचाव करते हुए कहा कि मामला 'हद से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है' और वह 'ईमानदार इंसान' हैं.
अब आगे क्या?
नॉर्थ यॉर्कशायर एंड साउथ डरहम क्रिकेट लीग ने पुष्टि की है कि मामले की औपचारिक जांच शुरू हो चुकी है. जांच में यह तय किया जाएगा कि उंगली चटकाने की यह आवाज जानबूझकर बल्लेबाज को आउट कराने के लिए पैदा की गई थी या फिर यह महज संयोग था.
फिलहाल, 'क्लिकी पोंटिंग' क्रिकेट इतिहास के सबसे अजीब और सबसे चर्चित विवादों में शामिल हो चुका है. अगर आरोप सही साबित होते हैं तो यह खेल भावना पर गंभीर सवाल खड़े करेगा, और अगर नहीं, तो यह क्रिकेट की सबसे अनोखी गलतफहमियों में गिना जाएगा.