इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को लेकर बड़ी बहस छिड़ गई है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने ग्रीन की भूमिका और उनकी फिटनेस पर एक तीखा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगर ग्रीन एक मैच में पूरे चार ओवर नहीं डालते हैं, तो उनकी सैलरी से 2 करोड़ रुपये काटे जाने चाहिए.
कैमरन ग्रीन को आईपीएल 2026 के लिए हुई मिनी नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिससे वह उस ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी बने. लंबे समय तक चोट से बाहर रहने के बाद ग्रीन ने हाल ही में क्रिकेट में वापसी की है और इस सीजन केकेआर के लिए अहम भूमिका निभाने वाले हैं.
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि आईपीएल फ्रेंचाइजी को खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर सैलरी में कटौती करने का अधिकार होना चाहिए. उन्होंने खास तौर पर कैमरन ग्रीन का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर वह सिर्फ दो ओवर ही डालते हैं, तो टीम को उनके कॉन्ट्रैक्ट से पैसे काटने चाहिए.
टीम को पैसे काटने का अधिकार मिले: अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने कहा, 'अगर वह सिर्फ दो ओवर डालते हैं, तो 2 करोड़ रुपये काटने चाहिए. जब आप आईपीएल ऑक्शन में आते हैं, तो उम्मीद होती है कि आप पूरे चार ओवर डालेंगे और बल्लेबाजी भी करेंगे. अगर गेंदबाजी पर कोई पाबंदी है, तो ठीक है, लेकिन अगर नहीं है तो टीम को पैसे काटने का अधिकार मिलना चाहिए.'
रविचंद्रन अश्विन ने यह भी सवाल उठाया कि क्या क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) कैमरन ग्रीन को आईपीएल में हर मैच में पूरे चार ओवर डालने की अनुमति देगा या नहीं. ग्रीन की हालिया चोट को देखते हुए उनके वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर पहले से ही चर्चा चल रही है.
यह भी पढ़ें: KKR खा रही झटके पर झटके... अब ये स्टार गेंदबाज हुआ IPL 2026 से बाहर
कोलकाता नाइट राइडर्स की गेंदबाजी इस समय चिंता का विषय बनी हुई है. टीम के दो अहम तेज गेंदबाज हर्षित राणा और आकाश दीप पहले ही आईपीएल 2026 से बाहर हो चुके हैं. वहीं श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और उनके अप्रैल के मध्य तक जुड़ने की उम्मीद है.
ऐसे में कैमरन ग्रीन की गेंदबाजी केकेआर के लिए बेहद अहम हो जाती है. अगर वह नियमित रूप से गेंदबाजी नहीं कर पाते, तो टीम के संतुलन पर बड़ा असर पड़ सकता है. ग्रीन से कोलकाता नाइट राइडर्स को ऑलराउंड प्रदर्शन की उम्मीद है. अब देखना दिलचस्प होगा कि वह आईपीएल 2026 में गेंद और बल्ले दोनों से कैसा प्रदर्शन करते हैं.