scorecardresearch
 

अंगूठी पहनकर घूम रहा था सांप, देखकर लोगों को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ

पुष्कर सरोवर के किनारे एक सांप के शरीर में चांदी की अंगूठी फंसी मिलने से हड़कंप मच गया. एनिमल केयर सोसायटी की टीम ने रेस्क्यू कर सांप को सुरक्षित पकड़ा और ज्वेलर की मदद से अंगूठी काटकर निकाली. बताया गया कि अंगूठी संभवतः स्नान के दौरान सरोवर में डाली गई थी, जो सांप के शरीर में फंस गई थी.

Advertisement
X
पुष्कर सरोवर किनारे तड़पता मिला सांप. (Photo: Dinesh Parashar/ITG)
पुष्कर सरोवर किनारे तड़पता मिला सांप. (Photo: Dinesh Parashar/ITG)

राजस्थान के अजमेर स्थित पुष्कर सरोवर के किनारे उस समय लोगों की भीड़ जमा हो गई जब एक सांप असामान्य रूप से परेशान दिखाई दिया. स्थानीय लोगों ने तुरंत एनिमल केयर सोसायटी को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. मौके पर पहुंची एनिमल केयर सोसायटी की टीम ने देखा कि सांप के शरीर में चांदी की एक अंगूठी फंसी हुई है, जिसके कारण वह काफी परेशान और असहज दिख रहा था. टीम के सदस्य इस नजारे को देखकर हैरान रह गए क्योंकि ऐसा मामला पहले कभी सामने नहीं आया था.

रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक सांप को पकड़कर सुरक्षित किया और उसके शरीर पर तेल लगाकर अंगूठी निकालने का प्रयास किया. लेकिन बताया गया कि सांप ने हाल के दिनों में मछलियों का सेवन किया था, जिससे उसका शरीर थोड़ा मोटा हो गया था और अंगूठी आसानी से नहीं निकल पा रही थी. इसके बाद एनिमल केयर सोसायटी के सदस्य रोहित प्रिंस ने सांप को एक प्लास्टिक के डिब्बे में सुरक्षित रखा और उसे ज्वेलर की दुकान पर ले जाया गया. वहां ज्वेलर की मदद से बेहद सावधानीपूर्वक अंगूठी को काटकर सांप को राहत पहुंचाई गई.

चांदी की अंगूठी बनी मुसीबत

अंगूठी निकलने के बाद सांप को सुरक्षित रूप से फिर से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया. इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और यह दृश्य देखने लगे. अब सबसे बड़ा सवाल यह उठा कि सांप के शरीर में चांदी की अंगूठी आई कैसे. इस पर एनिमल केयर सोसायटी के सदस्य हेमंत रायता ने जानकारी दी कि पुष्कर सरोवर में हर साल हजारों श्रद्धालु स्नान करने आते हैं. इस दौरान कई लोग अपने आभूषण भी दान के रूप में सरोवर में प्रवाहित करते हैं.

Advertisement

उन्होंने बताया कि संभव है कि किसी भक्त ने चांदी की अंगूठी सरोवर में दान की हो. उस समय सांप छोटा और पतला रहा होगा और अंगूठी उसके शरीर में किसी तरह फंस गई होगी. समय के साथ जब सांप बड़ा हुआ और मछलियों का शिकार करने लगा तो उसका शरीर मोटा हो गया, जिससे अंगूठी उसके लिए परेशानी का कारण बन गई.

सांप के रेस्क्यू की अनोखी कहानी

इस परेशानी के कारण सांप पानी से बाहर निकल आया, जहां उसकी हालत देखकर लोगों ने एनिमल केयर सोसायटी को सूचना दी. टीम ने तुरंत पहुंचकर उसे सुरक्षित किया और सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई. हेमंत रायता ने बताया कि यह मामला बेहद अनोखा है और अब तक सांप के शरीर में चांदी की अंगूठी फंसी होने का ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया था. उन्होंने कहा कि समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो सांप की जान को खतरा हो सकता था.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement