scorecardresearch
 

रीलबाजी, रंजिश और कत्ल... कोटा में नाबालिग की चाकू से गोदकर हत्या, सन्न कर देगी ये कहानी

राजस्थान के कोटा में सोशल मीडिया रील को लेकर चली आ रही रंजिश ने एक नाबालिग की जान ले ली. उद्योग नगर थाना क्षेत्र में कुछ युवकों ने शादी से लौट रहे किशोर को रास्ते में घेरकर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Advertisement
X
कोटा में नाबालिग की कर दी गई हत्या. (Photo: Screengrab)
कोटा में नाबालिग की कर दी गई हत्या. (Photo: Screengrab)

कोटा के उद्योग नगर थाना इलाके में एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना प्रेम नगर में रात करीब 10 बजे हुई. घर लौटते समय कुछ युवकों ने किशोर को रास्ते में घेर लिया था. इसके बाद चाकू से हमला कर दिया गया. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मृतक के दोस्त ने बताया कि किशोर अपने दो दोस्तों के साथ बारां में एक शादी समारोह में गया था. देर शाम सभी वापस लौट रहे थे. रात करीब 10 बजे वह अकेला अपने घर की ओर जा रहा था. रास्ते में कुछ लड़कों ने उसे घेरकर चाकू से हमला कर दिया. थोड़ी देर बाद आरोपियों ने ही फोन कर उसके दोस्त को सूचना दी कि तुम्हारे दोस्त को चोट लगी है.

दोस्त ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां भीड़ लगी हुई थी. नाबालिग नाली में लहूलुहान हालत में पड़ा था. उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी.

kota minor murder over instagram reel dispute stabbed to death

यह भी पढ़ें: ग्लैमरस अंदाज, ब्यूटी पार्लर और इंस्टाग्राम रील्स... कौन है खुशनुमा उर्फ नेहा, जो गैंगस्टर बॉबी कबूतर की बनी मददगार

मृतक के चचेरे भाई के अनुसार, वह सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर रील अपलोड करता था. उसकी रील्स सोशल मीडिया पर काफी शेयर होती थीं. इसी को लेकर कुछ लड़के उससे रंजिश रखते थे. पहले भी स्कूल जाते समय उसके साथ मारपीट की घटना हो चुकी थी, हालांकि बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था. अब इस बार शादी से लौटने के बाद वह अकेला घर जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसे घेरकर चाकू मार दिए.

Advertisement

मृतक के पिता ने क्या बताया?

पिता ने बताया कि सुबह बेटे ने कहा था कि दोस्त शादी में जा रहे हैं, इसलिए वह भी जा रहा है. शाम को फोन पर बात हुई थी. उसने बताया था कि वह गढ़ेपान पहुंच गया है और देर शाम तक घर आ जाएगा. उसने यह भी बताया था कि मंगलवार का व्रत खोल लिया है. घर के लिए फलाहार में साबूदाना भिगो देने को कहा था. रात में ही उसके घायल होने की सूचना मिली.

वारदात को लेकर पुलिस ने क्या कहा?

उद्योग नगर थाने के सीआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि दो-तीन लड़कों के बीच झगड़ा हुआ था. इसी दौरान चाकूबाजी में एक लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. शुरुआती जानकारी में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है. शव को मोर्चरी में रखवाया गया है और मामले की जांच की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement