गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और यात्रियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने कोटा मंडल से होकर गुजरने वाली दो जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी रूप से एक्स्ट्रा कोच लगाने का फैसला किया है. इससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
दरअसल, अतिरिक्त कोच जुड़ने से कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और लंबे समय से चल रही वेटिंग लिस्ट का दबाव भी कम होगा. इससे उत्तर भारत से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04717/04718 हिसार–तिरुपति–हिसार स्पेशल ट्रेन में हिसार से 4 जुलाई 2026 से 25 जुलाई 2026 तक और तिरुपति से 6 जुलाई 2026 से 27 जुलाई 2026 तक एक अतिरिक्त थर्ड एसी (3AC) कोच लगाया जाएगा.
इसी तरह गाड़ी संख्या 20481/20482 भगत की कोठी–तिरुच्चिराप्पल्ली–भगत की कोठी एक्सप्रेस में भगत की कोठी से 1 जुलाई 2026 से 29 जुलाई 2026 तक तथा तिरुच्चिराप्पल्ली से 4 जुलाई 2026 से 1 अगस्त 2026 तक एक अतिरिक्त स्लीपर कोच अस्थायी रूप से जोड़ा जाएगा.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस रूट पर लगातार बढ़ रही मांग को देखते हुए यह फैसला किया गया है. रेलवे का मानना है कि अतिरिक्त कोच लगने से यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में आसानी होगी और यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी.