scorecardresearch
 

शराब, शक और हत्या... 3 बच्चों को सोता छोड़ पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला

राजस्थान के धौलपुर के सैपऊ क्षेत्र में पति ने चरित्र पर शक के चलते पत्नी की लाठी-डंडों और सरिया से पीटकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी तीनों बच्चों को सोता छोड़ फरार हो गया. पुलिस ने एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाकर हत्या का केस दर्ज किया. पोस्टमार्टम के बाद आरोपी की तलाश में दबिश जारी है.

Advertisement
X
पत्नी के चरित्र पर था शक.(Photo: Umesh Mishra/ITG)
पत्नी के चरित्र पर था शक.(Photo: Umesh Mishra/ITG)

राजस्थान के धौलपुर जिले के सैपऊ थाना क्षेत्र के भूरा पुरा गांव में घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया. आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी की लाठी-डंडों और सरिया से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी अपने तीनों मासूम बच्चों को घर में सोता छोड़कर मौके से फरार हो गया. मृतका की पहचान 35 वर्षीय मथुरा के रूप में हुई है, जिसकी शादी वर्ष 2011 में दिनेश कुशवाहा से हुई थी.

परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ वर्षों बाद से पति-पत्नी के बीच चरित्र को लेकर विवाद शुरू हो गया था. मृतका की छोटी बहन गुड़िया ने बताया कि दिनेश अपनी पत्नी पर लगातार शक करता था और पिछले तीन वर्षों से उसे परेशान कर रहा था. आए दिन लाठी-डंडों से मारपीट की घटनाएं होती रहती थीं. पहले दोनों परिवारों के बीच समझाइश कर मामला शांत कराया गया था, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ.

यह भी पढ़ें: 1 मंच, 3 धर्म और 66 जोड़े... धौलपुर के सामूहिक विवाह में गरीब-अनाथ बेटियों की धूमधाम से हुई शादी

15 अप्रैल की रात दिनेश शराब के नशे में घर पहुंचा, उस समय तीनों बच्चे सो रहे थे. उसने चारपाई पर सो रही मथुरा को उठाया और चरित्र को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया. विवाद बढ़ने पर उसने बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी.

Advertisement

गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया

परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने सरिया और लाठी से पीट-पीटकर मथुरा को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया. रात में ही मायके पक्ष को घटना की सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया. पुलिस ने गंभीर हालत में घायल मथुरा को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई.

मृतका के दो बेटे और एक बेटी हैं, जो अभी छोटे हैं. मां की मौत के बाद तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस को घटनास्थल पर झोपड़ीनुमा घर के अंदर खून, टूटी चूड़ियां, लाठी-डंडा, सरिया और एक कंबल मिला है, जिससे हत्या की पुष्टि होती है.

घटनास्थल को सील कर एफएसएल टीम को बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मायके पक्ष की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.

पुलिस की दबिश जारी, आरोपी की तलाश तेज

सैपऊ पुलिस उपाधीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि रात में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब ढाई बजे उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement