राजस्थान के भरतपुर की रहने वाली 10वीं की छात्रा के एग्जाम में नंबर कम आए तो उसने आत्महत्या के लिए नहर में छलांग लगा दी. एक बुजुर्ग की नजर उस पर पड़ती तो वह लड़की को बचाने के लिए नहर में कूद पड़े. लड़की को बड़ी मुश्किल से रस्सी के सहारे बाहर निकाला. बताया जा रहा है कि छात्रा के 66% नंबर आए थे. जिसके चलते उसने 25 फीट की ऊंचाई से सुजान गंगा नहर में छलांग लगा दी.
यह घटना मथुरा गेट थाना इलाके में स्थित लोहागढ़ फोर्ट के चारों तरफ फैली सुजान गंगा नहर की है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस मामले पर एएसआई मुकेश कुमार ने बताया कि एक लड़की नहर में कूद गई थी. उसे बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिजनों के मुताबिक 10वीं कक्षा में उनके नंबर कम आए. इससे आहत होकर उसने खुदकुशी की कोशिश की.
छात्रा ने नहर में छलांग लगाई
लड़की को बचाने वाले रामबाबू गुर्जर ने बताया कि वो नहर के पास से गुजर रहे थे. तभी उनकी नजर एक लड़की पर पड़ी जो नहर में कूद गई थी. उसे बचाने के लिए उन्होंने भी छलांग लगा दी और उसे बचा लिया.
बुजुर्ग ने लड़की की जान बचाई
नाबालिग भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र की रहने वाली है. बताया जा रहा है कि रस्सी के सहारे बुजुर्ग छात्रा को काफी देर तक पकड़ा रहा. जिससे उसके एक हाथ में चोट आ गई. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.
बुजुर्ग रामबाबू गुर्जर ने बताया कि मैं जा रहा था. तभी इतने में लड़की ने सुजानगंगा नहर में छलांग लगा दी. मैंने तुरंत अपनी बाइक खड़ी की, जिसके बाद मैंने आवाज लगाई तो लोग मौके पर इकट्ठे हो गए. मैंने अपने कपड़े उतारे और मैं भी सुजानगंगा नहर में कूद गया. मैं इस लड़की को नहीं जानता.