AI समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर आर-पार की जंग छिड़ती दिख रही है. एक ओर दिल्ली पुलिस की जांच जारी है, तो दूसरी ओर कांग्रेस इसे मोदी सरकार की कथित तानाशाही बताकर यूथ कांग्रेस की हरकत को सही ठहराने पर अड़ गई है. लेकिन, कांग्रेस को आईना पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी की वरिष्ठ नेता मारग्रेट अल्वा ने दिखाया है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय इवेंट में इस तरह के प्रदर्शन की नैतिकता पर सवाल उठाया है. यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर अखिलेश यादव जैसे नेताओं के लिए भी मुश्किल है. उन्हें मोदी सरकार का तो विरोध करना है, लेकिन, कोई दल शर्मनाक प्रदर्शन के साथ खड़ा नहीं दिखना चाहता. हालांकि आज अखिलेश ने सवाल किया कि जो AI समिट में सुरक्षा उल्लंघन हुआ, उसकी जिम्मेदारी किसकी है. क्या AI समिट में यूथ कांग्रेस का निर्वस्त्र प्रदर्शन और उस पर कांग्रेस का बचाव राहुल की राजनीति के लिए सेल्फ गोल साबित होने जा रहा है?