scorecardresearch
 
Advertisement

ओडिशा: पुरी का समुद्र तट रेड जोन घोषित, पर्यटकों के नहाने पर लगा प्रतिबंध

ओडिशा: पुरी का समुद्र तट रेड जोन घोषित, पर्यटकों के नहाने पर लगा प्रतिबंध

ओडिशा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पुरी में मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने रेड अलर्ट घोषित कर दिया है. बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब यानी डीप डिप्रेशन के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और स्थिति काफी खतरनाक हो गई है. इस खतरे को देखते हुए पुरी जिला प्रशासन और उड़ीसा फायर सर्विस डिपार्टमेंट ने पूरे समुद्र तट को रेड जोन घोषित कर दिया है. असिस्टेंट स्टेशन ऑफिसर आनंद प्रसाद विशाल के अनुसार, पर्यटकों की सुरक्षा के लिए समुद्र में नहाने पर अगले दो दिनों के लिए पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है. पर्यटकों को जागरूक करने के लिए समुद्र तट पर रेड फ्लैग यानी लाल झंडे लगा दिए गए हैं. इसके साथ ही दमकल विभाग के लाइफगार्ड लगातार लाउडस्पीकर और मेगाफोन के जरिए पर्यटकों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी दे रहे हैं. समुद्र तटीय इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और एटीबी बाइक्स की मदद से भी लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है. प्रशासन ने देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वे अपनी जान जोखिम में न डालें और अगले दो दिनों तक समुद्र में प्रवेश करने से बचें. यह कदम पर्यटकों की अमूल्य जान को सुरक्षित रखने के लिए उठाया गया है क्योंकि वर्तमान में समुद्र की स्थिति बेहद अशांत और अनिश्चित है.

Advertisement
Advertisement