मिडिल ईस्ट संकट का असर पूरी दुनिया में दिखाई दे रहा है और भारत भी इससे अछूता नहीं है. संकट के बीच पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री ने देशवासियों से कई अहम अपीलें की हैं. उन्होंने लोगों से फिलहाल सोने की खरीदारी टालने और पेट्रोल-डीजल का संयमित उपयोग करने के लिए कहा है.
प्रधानमंत्री ने बताया कि यह समय राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का है और इस चुनौती से निपटने के लिए देश को एकजुट होकर जिम्मेदारी निभानी होगी. वहीं, हालात की गंभीरता को देखते हुए कई नेताओं ने भी अपने काफिलों को कम करने और गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करने जैसे कदम उठाए हैं.
वहीं इस बीच बीजेपी नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर ने पीएम मोदी की अपील को नज़रअंदाज करते हुए सैकड़ों गाड़ियों के साथ उज्जैन से भोपाल तक काफिला निकाला था. सौरभ सिंह ठाकुर पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने पहुंचे थे. इसके बाद आजतक की खबर के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को रैली के साथ पदभार ग्रहण पर रोक लगाने के निर्देश जारी करने पड़े.
अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर राष्ट्रहित में की गई अपील और दिशा-निर्देशों का संयम से पालन नहीं करने पर सौभाग्य सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. इसके अलावा कई प्रतिबंध भी लगाए गए हैं.
सौभाग्य सिंह पर लगाए गए प्रतिबंध
पीएम मोदी की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर हमें अपने कर्तव्यों को प्राथमिकता देनी होगी. उन्होंने कहा कि जब-जब देश युद्ध या किसी बड़े संकट के दौर से गुजरा है, तब-तब हर भारतीय ने सरकार की अपील पर अपना दायित्व पूरी निष्ठा से निभाया है.
पीएम मोदी ने जोर देते हुए कहा कि आज भी जरूरत है कि हम सभी मिलकर अपनी जिम्मेदारियां निभाएं और देश के संसाधनों पर पड़ने वाले बोझ को कम करने में योगदान दें.
पीएम ने कहा कि 'मेरी हर देशवासी से अपील है कि जहां संभव हो, पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें.' इसके साथ ही उन्होंने सरकारी और निजी दफ्तरों में वर्चुअल मीटिंग्स और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने पर जोर दिया.