scorecardresearch
 

कल होनी थी शादी, आज मिली मौत की खबर... 19 साल की भाजपा प्रजापति के सुसाइड से सनसनी

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में शादी से ठीक एक दिन पहले 19 साल की युवती 'भाजपा प्रजापति' ने फांसी लगाकर आत्महत्या की. चितरंगी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी. जानिए पूरी घटना...

Advertisement
X
सोशल मीडिया पर वायरल हुई सिंगरौली की ये दुखद घटना.(Photo:ITG)
सोशल मीडिया पर वायरल हुई सिंगरौली की ये दुखद घटना.(Photo:ITG)

MP News: सिंगरौली जिले के कर्थुआ गांव बहेरा से एक बेहद दुखद और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां 19 साल की युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस आत्मघाती कदम के बाद जहां पूरे क्षेत्र और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं मृतका के अनोखे नाम को लेकर यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है.

चितरंगी थाना इलाके का यह मामला है. मृतका की पहचान भाजपा प्रजापति (19) पिता मेवालाल प्रजापति के रूप में हुई है, जो कर्थुआ बहेरा गांव की निवासी थीं.

परिजनों ने दुखी मन से बताया कि युवती का विवाह 19 जून को सरई थाना इलाके में रहने वाले एक युवक के साथ तय हुआ था. 

घर के भीतर शादी-विवाह की रस्में और जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं. पूरा परिवार और रिश्तेदार बेहद खुशी के माहौल में मंगल गीतों के साथ विवाह की व्यवस्थाओं में जुटे थे. लेकिन इसी बीच युवती के उठाए गए इस आत्मघाती कदम ने पूरे परिवार की खुशियों को पल भर में छीन लिया और उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

अनोखे नाम की वजह से वायरल हुई खबर
बताया जा रहा है कि युवती का नाम 'भाजपा प्रजापति' होने के कारण जैसे ही यह दुखद खबर फैली, वैसे ही यह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई. लोग इस अजीब नाम और उसके पीछे के संयोग को लेकर इस दुखद घटना की जानकारी इंटरनेट पर तेजी से शेयर कर रहे हैं.

Advertisement

कारणों का अब तक नहीं हुआ खुलासा
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की जरूरी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर इस पूरे मामले की विस्तृत और गहन जांच शुरू कर दी है.

फिलहाल, युवती ने अपनी शादी से ठीक एक दिन पहले ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके वास्तविक कारणों का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि वे मामले की सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर बारीकी से जांच कर रहे हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement