मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में जमीन के पुराने विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जब परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन की कथित तौर पर उनके ही चाचा और चचेरे भाई ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है.
जानकारी के मुताबिक यह घटना शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सीहोर जिले के सिद्धिकगंज थाना क्षेत्र के धारमपुरा गांव में हुई. मृतकों की पहचान 20 वर्षीय शीतल मालवीय और उसके 19 वर्षीय भाई कुलदीप मालवीय के रूप में हुई है. दोनों भाई-बहन सुबह 7.30 बजे अपने परीक्षा केंद्र की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनके चाचा हरिसिंह मालवीय और उनके बेटे ने उन्हें रोक लिया.
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर भाई-बहन पर डंडों से हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी हालत काफी बिगड़ चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में भी शोक का माहौल है.
सीहोर के पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि आरोपी हरिसिंह मालवीय और मृतकों के पिता जगदीश मालवीय सगे भाई हैं और उनके बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.