
मध्य प्रदेश में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 3062 आशा कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा. करीब पांच साल बाद होने जा रही इस चयन प्रक्रिया के लिए 16 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे. इच्छुक पात्र महिलाएं 16 दिसंबर तक एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी. आवेदन के लिए संबंधित ग्राम की निवासी, विवाहित और कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है.
मध्य प्रदेश में ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कुल 3062 आशा कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा. इसके लिए सभी जिलों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए आवेदन एमपी ई-सेवा पोर्टल (eseva.mp.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन लिए जाएंगे. विभाग के मुताबिक, केवल ऑनलाइन प्राप्त आवेदन ही मान्य होंगे.
कौन कर सकता है आवेदन? जानें पात्रता
ग्रामीण आशा कार्यकर्ता के चयन के लिए आवेदिका को निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी.
आवेदिका संबंधित ग्राम की निवासी होनी चाहिए.
महिला का विवाहित होना अनिवार्य है.
आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है.
चयन में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और प्राथमिकता संबंधी मापदंडों का पालन किया जाएगा.
16 नवंबर से 16 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन
आशा कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया के लिए तारीखें भी तय कर दी गई हैं. आवेदन से लेकर अंतिम अनुमोदन तक की पूरी प्रक्रिया इस प्रकार होगी.

कलेक्टर की निगरानी में होगा चयन
ग्रामीण आशा कार्यकर्ताओं के चयन की पूरी प्रक्रिया जिला स्तर पर पूरी की जाएगी. इसकी निगरानी कलेक्टर की अध्यक्षता वाली जिला स्वास्थ्य समिति करेगी.
चयन निर्धारित ग्रामवार संख्या और चयन के लिए चिह्नित गांवों के अनुसार ही होगा. ग्रामसभा चयन प्रस्ताव को अनुमोदित कर आगे भेजेगी. इसके बाद विकासखंड और जिला स्तर पर दावे-आपत्तियों और अपीलों का निराकरण किया जाएगा.
जिला स्वास्थ्य समिति से अंतिम अनुमोदन मिलने के बाद ही चयन आदेश जारी होंगे. पूरी चयन प्रक्रिया 5 मार्च 2027 तक अनिवार्य रूप से पूरी की जाएगी.
चयन के बाद ऐसे बनेगी आशा कार्यकर्ता की आईडी
चयनित महिलाओं की आईडी बनाने के लिए 6 से 20 मार्च 2027 तक आशा पोर्टल के माध्यम से अनुरोध भेजा जाएगा. चयनित आशा कार्यकर्ताओं की जानकारी और जरूरी दस्तावेज राज्य मुख्यालय को भेजे जाएंगे.
राज्य स्तर पर दस्तावेजों के सत्यापन और अनुमोदन के बाद आईडी बनाई जाएगी. इस तरह आवेदन से लेकर अंतिम चयन और आईडी बनाने तक की प्रक्रिया ऑनलाइन और निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरी की जाएगी.