scorecardresearch
 

MP: वसूली का दाग, एयर होस्टेस से CSP बनीं नेहा पच्चीसिया घिरीं, तीन थाने छिने

कटनी की नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया पर ट्रांसपोर्टर से अवैध वसूली का आरोप लगा है. शिकायत के बाद एसपी ने उनके ड्राइवर को निलंबित कर दिया और तीन थानों का प्रभार वापस ले लिया. मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है. इसी बीच हत्या के एक मामले में चालान देरी से पेश होने को लेकर भी विभागीय जांच तेज हो गई है.

Advertisement
X
कटनी CSP नेहा पच्चीसिया पर लगा रिश्वत लेने का आरोप. (Photo: ITG)
कटनी CSP नेहा पच्चीसिया पर लगा रिश्वत लेने का आरोप. (Photo: ITG)

मध्य प्रदेश के कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार उन पर एक ट्रांसपोर्टर से कथित अवैध वसूली का आरोप लगा है. शिकायत मिलने के बाद कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीएसपी के चालक को निलंबित कर दिया. साथ ही नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का प्रभार वापस ले लिया गया है. पूरे मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य को सौंपी गई है. इसी बीच हत्या के एक मामले में चालान देरी से पेश होने और अन्य आरोपों को लेकर भी विभागीय जांच तेज हो गई है.

कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात नेहा पच्चीसिया पहले भी अपनी कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा में रही हैं. वह एयर होस्टेस की नौकरी छोड़कर पुलिस सेवा में आई थीं. अब उन पर लगे नए आरोपों ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है. जानकारी के अनुसार कटनी के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन ने 22 जुलाई को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को लिखित शिकायत दी थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि 21 जुलाई की रात वाहन चेकिंग के दौरान उनकी हाईवा गाड़ी को रोककर सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने 30 हजार रुपये की मांग की.

शिकायतकर्ता का आरोप है कि मौके पर 25 हजार रुपये नकद लिए गए और बाकी 5 हजार रुपये अगले दिन ड्राइवर के जरिए देने की बात कही गई. महेंद्र जैन ने अपने आवेदन के साथ कुछ साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. महेंद्र जैन का कहना है कि वह ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं और उनके पास पांच हाईवा वाहन हैं, जो रेत और डोलोमाइट के परिवहन में लगे हैं.

Advertisement

शिकायत के बाद एसपी का एक्शन, चालक केशव सिंह सस्पेंड

उनके अनुसार जांच के नाम पर उनकी गाड़ी रोकी गई और पैसे नहीं देने पर वाहन थाने में खड़ा कर कार्रवाई करने की बात कही गई. इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने प्रारंभिक जांच कराई. इसके बाद सीएसपी नेहा पच्चीसिया के चालक आरक्षक केशव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.

इसके साथ ही एसपी ने नया कार्य विभाजन आदेश भी जारी किया. आदेश के तहत नेहा पच्चीसिया के कार्यक्षेत्र से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थाना हटा दिए गए. इन तीनों थानों का प्रभार अजाक डीएसपी शिवा पाठक को सौंप दिया गया. मामले की जांच कर रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि ट्रांसपोर्ट व्यवसायी की शिकायत प्राप्त हुई है. शिकायतकर्ता महेंद्र जैन के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी जाएगी. उन्होंने यह भी पुष्टि की कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर चालक को निलंबित किया गया है और कार्य विभाजन में बदलाव किया गया है.

इसी बीच नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें एक अन्य मामले में भी बढ़ती दिखाई दे रही हैं. हत्या के एक प्रकरण में 90 दिन के भीतर चालान पेश नहीं किए जाने के कारण आरोपी को डिफॉल्ट जमानत मिलने का मामला भी विभागीय जांच के दायरे में आ गया है. बताया जा रहा है कि इस मामले में हत्या के आरोपी ने सीएसपी नेहा पच्चीसिया के खिलाफ अदालत में परिवाद भी दायर किया है. परिवाद में आरोप लगाया गया है कि केस में लाभ दिलाने के बदले उसकी जमीन को बेहद कम कीमत पर बेच दी गई. इस मामले की भी विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है.

Advertisement

विभागीय रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी

एक के बाद एक सामने आए इन मामलों के बाद पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर है. ट्रांसपोर्टर से कथित वसूली और हत्या के मामले में मनमानी से जुड़े मामलों की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जबलपुर अनु बेनीवाल को सौंपी गई है. फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है. विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होती है या नहीं, इसका फैसला जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा. वहीं कटनी पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement