इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि युवती ससुराल में पहनावे को लेकर चल रहे विवाद से मानसिक रूप से परेशान थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक मृतका का नाम गौरी प्रजापत था. उसकी शादी कुछ साल पहले राहुल प्रजापत से हुई थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार में पहनावे को लेकर अक्सर विवाद होता था. बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष की ओर से गौरी को जींस पहनने से रोका जाता था, जिससे वह काफी परेशान रहने लगी थी.
विवाद के चलते नवविवाहिता ने की खुदकुशी
घटना वाले दिन गौरी अपने कमरे में थी. काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो पति राहुल प्रजापत ने उसे आवाज लगाई. अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों को शक हुआ. इसके बाद कमरे का दरवाजा खोला गया तो गौरी फांसी के फंदे पर लटकी मिली. यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए.
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही द्वारकापुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और परिवार के लोगों से पूछताछ भी की.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जानकारी में पहनावे को लेकर विवाद की बात सामने आई है, लेकिन आत्महत्या के पीछे कोई और वजह तो नहीं थी, इसकी भी जांच की जा रही है. पुलिस परिजनों और करीबियों के बयान दर्ज कर रही है. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.