ग्वालियर के बालाजी गार्डन में उस वक्त हंगामा मच गया जब विदाई के समय दुल्हन ने दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया.दुल्हन को इस बात का पता चल गया था कि उसका होने वाला पति का एक डेढ़ साल से दूसरी शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है.इस बात की जानकारी दूल्हे की प्रेमिका ने खुद दुल्हन को दी थी.
घटना शहर के कंपू थाना इलाके की है. जिसके बाद दोनों पक्ष पुलिस थाने जा पहुंचे. जहां दुल्हन ने दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने दोनों पक्षों को बिठाकर उनकी काउंसलिंग की इसके बाद दोनों पक्ष एक दूसरे की सहमति से बात करने को तैयार हो गए. वही पुलिस ने फिर से शिकायत आने पर कार्रवाई करने की बात कही है.
दअरसल, ग्वालियर के नाका चंद्रबदनी निवासी युवती की शादी गुडी गुड़ा का नाका के रहने वाले गिर्राज कुशवाह के साथ 9 मार्च को होना तय हुई थी. इसके बाद कंपू थाना इलाके के बालाजी गार्डन में शादी समारोह का कार्यक्रम हो चुका था. मंगलवार की सुबह दुल्हन की विदाई की तैयारी चल रही थी. तभी दुल्हन ने हंगामा खड़ा कर दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया.
प्रेमिका के कॉल ने उड़ाई नींद
जब शादी से इनकार करने की वजह परिवार और ससुराल वालों ने पूछी तो उसने बताया कि लगुन-फलदान के एक दिन पहले उसके होने वाले पति गिर्राज की राजस्थान की रहने वाली प्रेमिका पूजा का फोन कॉल दुल्हन के पास आया था. उसने बताया था कि गिर्राज का उससे एक-डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है. वह उसे धोखा दे रहा है, शादी के बाद उसे छोड़ देगा.
लेकिन फिर भी दुल्हन ने दूल्हे पर विश्वास किया कि वह यह सब छोड़ देगा. फिर भी शादी के दौरान दूल्हा प्रेमिका से बातचीत करता रहा.
सबूत मिलते ही टूटा भरोसा
इसके सबूत के तौर पर प्रेमिका दुल्हन को उसके मैसेज और फोटो भेजने लगी. जिससे दुल्हन को दूल्हे से विश्वास उठ गया. जबकि प्रेमिका पहले से ही शादीशुदा है. वह अपने पति को छोड़कर अलग रह रही है.
दूल्हे ने कुबूला अपना अफेयर
इस बात को लेकर जब दुल्हन ने दूल्हे से बातचीत की तो दूल्हा यही बोलता रहा कि उसका कोई उस महिला से लेना-देना नहीं है. जब यहां मामला दोनों पक्ष थाने लेकर पहुंचे तो थाने पर दूल्हे ने इस सारी बातों को सही बताते हुए कुबूल कर लिया और फिर सारी सच्चाई बता दी. इसके बाद दुल्हन के परिवार वालों ने दूल्हे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शादी में खर्च हुआ पैसा वापस मांगा हैं.
पुलिस की काउंसलिंग और समझौता
वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद उनकी काउंसलिंग की. इसके साथ ही दोनों पक्ष एक दूसरे के साथ शादी में हुए लेनदेन को वापस देने को राजी हो गए और इस बात की सहमति होने पर वापस थाने से लौट गए. फिलहाल इस मामले में पुलिस का कहना है कि अगर दुल्हन इस मामले को लेकर शिकायत कर दूल्हे के खिलाफ FIR कराती है तो दूल्हे के खिलाफ कानून कारवाई की जाएगी.