scorecardresearch
 

'दोपहर 1 बजे फटेगी साइनाइड गैस', भोपाल के सरकारी दफ्तर को उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही मची भगदड़

भोपाल के एमपी नगर स्थित एक सरकारी दफ्तर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक ईमेल के ज़रिए बिल्डिंग को साइनाइड गैस सिलेंडरों से उड़ाने की धमकी दी गई. इस सनसनीखेज मैसेज के बाद आनन-फानन में पूरे दफ़्तर को खाली कराया गया, हालांकि जांच के बाद यह महज एक झूठी धमकी निकली.

Advertisement
X
नापतौल विभाग को साइनाइड गैस से उड़ाने की मिली धमकी.(Photo: Representational)
नापतौल विभाग को साइनाइड गैस से उड़ाने की मिली धमकी.(Photo: Representational)

MP राजधानी भोपाल के व्यस्त इलाके एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग के दफ्तर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ईमेल के जरिए विभाग को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. ईमेल में दावा किया गया था कि दफ्तर के भीतर साइनाइड गैस के 16 सिलेंडर रखे गए हैं.
 
दफ्तर के सुपरिटेंडेंट श्यामू सोलंकी ने एक न्यूज एजेंसी को बताया, "ईमेल चेक करते समय सुबह 10:20 बजे मुझे एक मैसेज मिला, जिसमें लिखा था कि विभाग के दफ्तर के अंदर साइनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर रखे गए हैं और वे दोपहर करीब 1 बजे फट जाएंगे."

इसके बाद अपने सीनियर अधिकारियों से संपर्क किया और पुलिस को इसकी सूचना दी गई. उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते के जवान और खोजी कुत्तों के साथ पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की तलाशी ली. उन्होंने आगे बताया कि एहतियात के तौर पर दफ्तर को खाली करा लिया गया था.

सोलंकी ने बताया कि पुलिस को दफ़्तर में कोई सिलेंडर या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली. इससे पहले भी भोपाल में पीपल्स यूनिवर्सिटी और AIIMS को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे, लेकिन वे अलर्ट भी झूठे निकले थे.

भोपाल सिटी जोन 2 के पुलिस उपायुक्त (DCP) विवेक सिंह ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच चल रही है. उन्होंने शक जाहिर किया कि पूरे देश में इस तरह के ईमेल भेजने के पीछे किसी गिरोह का हाथ हो सकता है, जो नकली नामों का इस्तेमाल कर रहा है.

Advertisement

विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के नेता उमाशंकर तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों ने दोपहर 1:10 बजे से अपना काम फिर से शुरू कर दिया.

---- समाप्त ----

Advertisement
Advertisement