How To Clean Shoes In Washing Machine: आजकल लोग कंफर्टेबल जूते पहनना चाहते हैं, जिसके लिए वो हजारों रुपये खर्च करने से भी परहेज नहीं करते हैं. महंगे जूते पहनना पसंद तो सबको होता है, लेकिन जब ये गंदे होने लगते हैं तो उन्हें साफ करना किसी सिरदर्द से कम नहीं लगता. लोगों के मन अक्सर इन्हें साफ करते वक्त द्वंद्व चलता रहता है कि हाथ से रगड़ें तो मेहनत और वक्त बहुत लगेगा और अगर वॉशिंग मशीन में धोएं तो ये फट सकते हैं. जी हां, लोगों के दिमाग में इन्हें वॉशिंग मशीन में धोते वक्त ये डर हमेशा बना रहता है कि कहीं जूतों का सोल न निकल जाए या उनका कपड़ा न फट जाए. ऐसे में वॉशिंग मशीन में जूते धोना हमेशा लोगों को रिस्की लगता है.
अगर आप भी उन्हीं लोगों में से हैं, जिन्हें वॉशिंग मशीन में जूते दोने से डर लगता है तो ये खबर आपके लिए है. दरअसल, वॉशिंग मशीन में जूते धोना न सिर्फ मुमकिन है, बल्कि पूरी तरह सुरक्षित भी है बशर्ते आप सही तरीका जानते हों. अगर आप कुछ टिप्स फॉलो करें, तो बिना किसी नुकसान के आपके गंदे जूते फिर से शोरूम जैसे नए और चमकदार नजर आ सकते हैं. चलिए जानते हैं वॉशिंग मशीन में जूते कैसे साफ करें.
वॉशिंग मशीन में कौन से जूते मशीन में धो सकते हैं?
वॉशिंग मशीन में जूते धोने से पहले ये जानना जरूरी है कि हर जूता उसमें धुलने के लिए नहीं बना होता. आपको ये जानना होगा कि कौन से जूते आप मशीन में धो सकते हैं.
कैनवस (Canvas), नायलॉन (Nylon), कॉटन और पॉलिएस्टर के स्नीकर्स को आप आसानी से वॉशिंग मशीन में धो सकते हैं. लेकिन लेदर (Leather) या स्यूड (Suede) जैसे जूते वॉशिंग मशीन में धोने की गलती न करें. इन मटेरियल्स पर पानी और मशीन की घुमाई का बुरा असर पड़ता है.
जूते धोने से पहले क्या करें?
मशीन में जूते डालने से पहले थोड़ी तैयारी करनी बहुत जरूरी है.
1. मिट्टी साफ करें: वॉशिंग मशीन में जूते डालने से पहले उसके सोल में फंसी मिट्टी और कंकड़ को ब्रश से निकाल लें, वरना मशीन जाम हो सकती है.
2. फीते और इनसोल निकालें: जूतों के फीते और उसका इनसोल भी निकालकर रख लेना जरूरी होता है. फीतों को अलग से धोएं और इनसोल को हाथ से साफ करें, इससे उनका शेप बना रहेगा.
मशीन में जूते धोने का सही तरीका:
1. तकिए का कवर या मेश बैग इस्तेमाल करें: अगर आप जूतों को सीधा मशीन में डाल देते हैं, तो वो फट सकते हैं. ऐसे में जूते सीधे मशीन में न डालें. उन्हें किसी पुराने तकिए के कवर या लॉन्ड्री बैग में रखकर ही वॉशिंग मशीन में धोएं.
2. तौलिया जरूर डालें: जूतों के साथ वॉशिंग मशीन में 2–3 पुराने तौलिए जरूर डाल दें. इससे जूते टकराकर खराब नहीं होंगे और आवाज भी कम आएगी.
3. सही सेटिंग चुनें: जूते धोने से पहले मशीन को हमेशा जेंटल या डेलिकेट मोड पर सेट करें. धोने के लिए ठंडा या हल्का गुनगुना पानी इस्तेमाल करें और साथ ही मशीन में लिक्विड डिटर्जेंट डालें.
ध्यान रखें कि जूते धोने के लिए कभी भी गर्म पानी का इस्तेमाल न करें. इससे जूतों का गोंद ढीला हो सकता है.
धोने के बाद जूते कैसे सुखाएं?
अगर आप जूते धोने के बाद उन्हें सुखाने के लिए ड्रायर में डाल देते हैं, तो आप गलती कर रहे हैं. उन्हें ड्रायर में कभी नहीं डालना चाहिए. इसके साथ ही सीधी धूप में भी सुखाने से बचना चाहिए. इन्हें छांव और हवादार जगह पर सुखाना अच्छा रहता है. जूतों के अंदर अखबार या पेपर भर दें. इससे जूते जल्दी सूखेंगे और उनका शेप भी बना रहेगा.