सिंधी खानपान की सबसे लोकप्रिय और शाही डिश दाल पकवान स्वाद और सेहत का एक बेहतरीन संगम है. गर्मियों के लंच के लिए यह एक आदर्श विकल्प है क्योंकि इसमें इस्तेमाल होने वाली चना दाल प्रोटीन से भरपूर होने के साथ-साथ पेट के लिए काफी हल्की रहती है. कुरकुरे पकवान और चटपटी दाल का यह मेल आपके साधारण से दोपहर के खाने को एक उत्सव में बदल देता है.
सिंधी दाल पकवान के लिए आपको चाहिए होंगी ये चीजें
दाल के लिए सामग्री
1 कप चना दाल (भिगोई हुई), हल्दी, नमक, हींग, जीरा, हरी मिर्च और अदरक.
पकवान के लिए सामग्री
1 कप मैदा या गेहूं का आटा, 2 चम्मच सूजी, अजवाइन, नमक, 2 चम्मच तेल (मोयन के लिए) और पानी.
दाल पकवान बनाने का तरीका
इसके लिए सबसे पहले दाल को हल्दी, नमक और पानी के साथ कुकर में 2 सीटी आने तक पकाएं. याद रहे कि दाल गलनी चाहिए पर वो साबुत रहे. अब एक पैन में तेल गरम कर हींग, जीरा, अदरक और हरी मिर्च का तड़का तैयार करें और दाल में मिला दें. ऊपर से अमचूर पाउडर और हरा धनिया डालें.
वहीं, पकवान यानी पूरी बनाने के लिए मैदा, गेहूं का आटा, सूजी को मिलाएं और उसमें तेल, नमक और अजवायन मिला लें और अब इनका एक सख्त आटा गूंथ लें. छोटी-छोटी पतली पूरियां बेलें और कांटें से उनमें छेद कर दें ताकि वो फूलें नहीं. अब इन्हें धीमी आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें.