How to make Palak Corn Paratha: अक्सर सुबह के समय यह चिंता रहती है कि नाश्ते में ऐसा क्या बनाया जाए जो सेहतमंद भी हो और जिसे बच्चे खुशी-खुशी खा लें. पालक-कॉर्न पराठा एक ऐसी ही डिश है जो पौष्टिकता और स्वाद का एक शानदार संतुलन है. पालक आयरन की कमी को पूरा करता है.
वहीं स्वीट कॉर्न का मीठा स्वाद बच्चों को बहुत लुभाता है. गर्मियों में यह हल्का और पौष्टिक नाश्ता शरीर को दिन भर सक्रिय रखने में मदद करता है और पालक ना खाने वाले बच्चे और बड़े भी इस पराठे को मजे लेकर खाएंगे. आप इसे और ज्यादा हेल्दी बनाने के लिए गेहूं की जगह ज्वार, बाजरा या राजगीरा के आटे का भी यूज कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
पालक-कॉर्न पराठा की रेसिपी
गेहूं का आटा: 2 कप
पालक की प्यूरी: 1 कप (उबला और पिसा हुआ)
स्वीट कॉर्न: ½ कप (हल्के उबले और दरदरे पिसे हुए)
अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट: 1 चम्मच
अजवाइन: आधा चम्मच
गरम मसाला: आधा चम्मच
नमक: स्वादानुसार
तेल या घी: पराठा सेकने के लिए
बारीक कटा हरा धनिया: थोड़ा सा
बनाने की विधि
एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें पालक की प्यूरी, दरदरे पिसे स्वीट कॉर्न, अदरक-मिर्च पेस्ट, अजवाइन, गरम मसाला, नमक और थोड़ा सा तेल मिलाएं.
अब बिना पानी डाले या जरूरत पड़ने पर बहुत थोड़ा पानी इस्तेमाल करके नरम आटा गूंथ लें.
आटे को 10-15 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें ताकि वह सैट हो जाए.
अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और अपनी पसंद के आकार में बेल लें.
गर्म तवे पर पराठे को डालें और दोनों तरफ से घी या तेल लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें.
तैयार गरमा-गरम पराठे को दही, अचार या ताजी मक्खन के साथ सर्व करें.