सफेद कपड़े पहनने में सभी को बहुत अच्छे और स्टाइलिश लगते हैं, लेकिन उन्हें बहुत संभालकर पहनना पड़ता है. आप सफेद कपड़े पहनकर बिना किसी टेंशन से कहीं भी बैठ नहीं सकते. सफेद कपड़ों को संभालकर रखना उतना ही मुश्किल होता है. नई सफेद शर्ट, कुर्ता या चादर शुरुआत में तो बिल्कुल चमकदार दिखती है, लेकिन कुछ ही बार धुलने के बाद उसका रंग फीका पड़ने लगता है या हल्का पीला दिखाई देने लगता है.
सफेद शर्ट का रंग फीका होने या फिर पीला पड़ जाने पर अक्सर लोग समझते हैं कि ऐसा कपड़े की क्वालिटी की वजह से होता है, लेकिन कई बार इसकी वजह हमारी छोटी-छोटी गलतियां होती हैं. जी हां, सफेद कपड़ों को धोने और सुखाने में की जाने वाली गलतियां भी सफेद कपड़ों के पीले पड़ने की वजह होती हैं. अगर उन्हें सुखाने के कुछ आसान नियम अपनाए जाएं, तो सफेद कपड़े लंबे समय तक नए जैसे चमकदार बने रह सकते हैं.
1. सफेद कपड़ों को हमेशा अलग धोएं
कई लोग जल्दबाजी में सफेद कपड़ों को रंगीन कपड़ों के साथ ही धो देते हैं, जो इनके खराब होने का सबसे बड़ा कारण बनता है. ऐसा करने से रंगीन कपड़ों का हल्का रंग भी सफेद कपड़ों पर चढ़ सकता है. भले ही रंग तुरंत नजर न आए, लेकिन धीरे-धीरे सफेद कपड़े फीके या ग्रे दिखने लगते हैं. इसलिए कोशिश करें कि सफेद कपड़े हमेशा अलग ही धोएं.
2. पानी के टेंपरेचर का भी रखें ध्यान
कपड़े धोते समय पानी का टेंपरेटर भी बहुत मायने रखता है. सफेद कपड़ों को धोने के लिए हल्का गर्म पानी ज्यादा बेहतर माना जाता है, क्योंकि इससे पसीना, गंदगी और तेल के दाग आसानी से निकल जाते हैं. हालांकि, डेलिकेट कपड़ों के लिए ठंडा पानी ही इस्तेमाल करना चाहिए.
3. सही डिटर्जेंट चुनें
सफेद कपड़ों का रंग और उनकी चमक बरकरार रखने के लिए सही डिटर्जेंट चुनना भी जरूरी होता है. अगर आप चाहते हैं कि आपके सफेद कपड़े पीले न पड़ें तो खास डिटर्जेंट का इस्तेमाल करना अच्छा माना जाता है. कुछ डिटर्जेंट में ऐसे तत्व होते हैं जो कपड़ों की चमक बनाए रखने में मदद करते हैं. इसके अलावा आप धोते समय थोड़ा सा बेकिंग सोडा या सिरका भी डाल सकते हैं, इससे कपड़े ज्यादा साफ और फ्रेश दिखते हैं.
4. दाग को पहले ही साफ कर लें
अगर गलती से आपके सफेद कपड़ों पर किसी भी तरह का कोई दाग लग जाए तो उसे नजरअंदाज न करें. कपड़े को सीधे मशीन में डालने से पहले दाग वाली जगह पर थोड़ा डिटर्जेंट या स्टेन रिमूवर लगाकर कुछ देर के लिए छोड़ दें. इससे दाग आसानी से निकल जाता है और कपड़ा खराब नहीं होता.
5. धूप में सुखाने की आदत डालें
सफेद कपड़ों को धोने के बाद हमेशा धूप में सुखाना चाहिए. अगर इन्हें हमेशा धूप में सुखाया जाए तो उनकी चमक और बढ़ जाती है. धूप एक तरह से नेचुरल ब्लीच की तरह काम करती है और कपड़ों को साफ व चमकदार बनाए रखने में मदद करती है.