
How to identify Seedless Brinjal: सब्जियों को खरीदते समय थोड़ी-सी लापरवाही बहुत भारी पड़ सकती है, वरना आप खराब सब्जी घर ले जाएंगे. सबसे ज्यादा बैंगन खरीदने में लोगों को बहुत मुश्किल होती है, क्योंकि बाहर से देखने में यह पता लगाना बहुत मुश्किल होता है कि बैंगन कच्चा है या वो बीजों से भरा हुआ है. बैंगन का चाहे भरता बनाना हो या सब्जी, लेकिन अच्छा तभी बनता है जब वो कच्चा हो.
बीजों से भरा बैंगन का भरता बिल्कुल टेस्टी नहीं लगता है,मलेकिन अब आपको फिक्र करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कुछ आसान तरीकों से आप बिना काटे ही सही बैंगन की पहचान कर सकते हैं.
वजन से करें पहचान
बैंगन को खरीदते समय सबसे पहले उसे हाथ में उठाकर देखें. अगर बैंगन अपने आकार के हिसाब से हल्का लगता है, तो समझ लें कि उसमें बीज ज्यादा हो सकते हैं. वहीं, जो बैंगन भारी महसूस होता है, वह आमतौर पर फ्रेश और कम बीज वाला होता है. इसलिए खरीदते समय हल्के बैंगन से बचें.
छिलके की चमक देखें
ताजा और अच्छा बैंगन हमेशा चमकदार और स्मूद होता है. अगर बैंगन का छिलका मुरझाया हुआ, दागदार या फीका नजर आए, तो यह इशारा हो सकता है कि वो पुराना है और उसके अंदर बीज ज्यादा हो सकते हैं. हमेशा चमकदार और टाइट स्किन वाला बैंगन ही खरीदें.

डंठल पर ध्यान दें
अगर बैंगन का डंठल हरा है तो समझ जाए कि बैंगन फ्रेश है. लेकिन अगर डंठल सूखा या भूरा हो गया है तो यह बैंगन पुराना हो सकता है और अंदर से बीजों से भरा हुआ भी हो सकता है.
बैंगन को दबाकर देखें
बैंगन को हल्के से उंगली से दबाकर देखें, आपके दबाने पर वो सख्त और टाइट महसूस हो. तो वह अच्छा है. लेकिन अगर वह बहुत नरम है या दबाने पर गड्ढा बन जाता है, तो समझ जाएं कि बैंगन ज्यादा पका हुआ या अंदर से खराब हो सकता है.

अगली बार जब भी आप बाजार जाएं, तो इन आसान टिप्स को जरूर अपनाएं. इससे आप बिना काटे ही पहचान पाएंगे कि बैंगन ताजा है या बीजों से भरा हुआ, और आपकी सब्जी का टेस्ट भी हमेशा लाजवाब लगेगा.