scorecardresearch
 

1 बार में अधिकतम कितने अंडे खा सकते हैं? 'घपा-घप' खाने वाले जरूर जान लें

अंडा प्रोटीन और विटामिन का सस्ता और बेहतरीन सोर्स है. हेल्थलाइन और मायो क्लिनिक के मुताबिक, एक बार में कितने अंडे खाना सुरक्षित है, इस बारे में जानेंगे.

Advertisement
X
सेहत बनाने के चक्कर में हो सकता है बड़ा नुकसान. (Photo: ITG)
सेहत बनाने के चक्कर में हो सकता है बड़ा नुकसान. (Photo: ITG)

अंडे को 'सुपरफूड' माना जाता है, क्योंकि यह प्रोटीन और विटामिन का सबसे सस्ता और बेहतरीन सोर्स है. भले ही ये देखने में काफी छोटा और सिंपल सा लगे लेकिन इसे खाने के कई फायदे होते हैं. जिम जाने वाले लोगों से लेकर बच्चों और बूढ़ों तक को इससे कई फायदे मिल सकते हैं इसलिए डॉक्टर्स भी अंडे को डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं. नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक, 1 मीडियम साइज के अंडे में करीब 70 कैलोरी, 6-7 ग्राम प्रोटीन, 5 ग्राम फैट, 70 मिग्रा सोडियम, 210 मिग्रा कोलेस्ट्रॉल होता है. इसके अलावा ये विटामिन ए, डी और बी12 का भी अच्छा सोर्स है. 

लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि 1 बार में अधिकतम कितने अंडे खाना सुरक्षित है? कई लोग स्वाद के चक्कर में या जल्दी बॉडी बनाने की चाहत में एक साथ 5-6 अंडे खा जाते हैं तो ऐसा सही है या नहीं. अगर आप भी 'घपा-घप' अंडे खाने के शौकीन हैं तो यह आर्टिकल आपके लिए है.

एक बार में कितने अंडे सेफ हैं?

हेल्थलाइन के मुताबिक, एक सामान्य स्वस्थ वयस्क के लिए एक बार में 1 से 3 अंडे खाना सुरक्षित और पौष्टिक माना गया है. साइंस कहता है कि हमारा शरीर एक बार में एक सीमित मात्रा में ही प्रोटीन को सही तरीके से प्रोसेस और एब्जॉर्ब कर पाता है. 3 अंडों से मिलने वाला लगभग 18 से 21 ग्राम प्रोटीन एक समय के भोजन के लिए पर्याप्त है इसलिए ही तो आपने देखा होगा कि कोई भी व्हे प्रोटीन सप्लीमेंट के प्रति स्कूप लगभग 20 ग्राम प्रोटीन होता है. अगर आप इससे ज्यादा अंडे एक साथ खाते हैं तो शरीर उसे पूरी तरह इस्तेमाल नहीं कर पाता और डाइजेस्टिव सिस्टम पर दबाव बढ़ने लगता है.

Advertisement

हेल्थलाइन के मुताबिक, अधिकतर हेल्दी एडल्ट के लिए रोजाना 1–2 अंडे तक खाना आम तौर पर सुरक्षित माना जा सकता है, बशर्ते बाकी डाइट में कोलेस्ट्रॉल ज्यादा न हो. मायो क्लिनिक हेल्थ सिस्टम के अनुसार, अधिकतर स्वस्थ लोग हफ्ते में करीब 7 अंडे आराम से खा सकते हैं यानी औसतन रोज 1 अंडा. 

कुछ स्टडीज ने 2–3 अंडे रोज खाने पर भी कई लोगों में कोलेस्ट्रॉल प्रोफाइल पर नेगेटिव असर नहीं पाया गया था लेकिन एक्सपर्ट्स फिर भी अक्सर 1–2 अंडे प्रतिदिन की लिमिट की सलाह देते हैं. हालांकि, अगर आप एक बार में बहुत ज्यादा अंडे खाते हैं, तो इसका सीधा असर आपके पाचन और कोलेस्ट्रॉल लेवल पर पड़ सकता है. अंडे की जर्दी में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा अधिक होती है, इसलिए दिल के मरीजों को खास सावधानी बरतने की जरूरत होती है.

एक साथ अधिक अंडे खाने के नुकसान क्या हैं?

कई बार देखा जाता है कि लोग एक बार में 5-5, 6-6 अंडे खा लेते हैं. अगर वो लगातार ऐसा करते हैं तो उन्हें आगे चलकर कई समस्याएं हो सकती हैं.

  • अंडे की तासीर गर्म होती है और यदि कोई एक बार में बहुत अधिक अंडे खाता है तो उसके पेट में भारीपन, गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
  • हमारा शरीर एक बार में एक निश्चित मात्रा में ही प्रोटीन डाइजेस्ट कर पाता है. यदि कोई अधिक अंडे एक बार में खाता है तो उससे किडनी को उन्हें फिल्टर करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जो लंबे समय में नुकसानदेह हो सकता है.
  • मायो क्लिनिक के मुताबिक, जिन लोगों को पहले से दिल की बीमारी या डायबिटीज है उन्हें 1 बार में अंडों की संख्या सीमित रखनी चाहिए और जर्दी (पीला हिस्सा) खाने से बचना चाहिए क्योंकि उसमें कोलेस्ट्रॉल अधिक होता है.

कुल मिलाकर, अगर आप पूरी तरह स्वस्थ हैं, बाकी डाइट बैलेंस्ड है और स्मोकिंग जैसी दूसरी रिस्की आदतें नहीं हैं, तो रिसर्च और हेल्थलाइन‑मायो क्लिनिक जैसे सोर्सेस मिलाकर कहा जा सकता है कि एक बार में 1–3 अंडे तक खाना आम तौर पर सेफ है, लेकिन एक बार में 4–6 जर्दी वाले अंडे रोज खाना सुरक्षित नहीं माना जाता.

Advertisement

(Disclaimer: यह आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है. किसी भी स्वास्थ्य समस्या या डाइट में किसी भी बदलाव से पहले हमेशा अपने डॉक्टर, न्यूट्रिशनिस्ट या डायटीशियन से सलाह जरूर लें.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement