Cooler Water Cleaning Tips: जैसे ही गर्मियां शुरू होती हैं, वैसे ही चादरों से ढके कूलर बाहर निकल आते हैं. तपती धूप और उमस के बीच कूलर की ठंडी हवा न केवल सुकून देती है, बल्कि आपके पसीने अंदर तक सुखा देती है. ये हवा अच्छी लगती हैं, लेकिन कभी-कभार इसकी हवा बदबूदार लगती और इसे तुरंत बंद करने का मन करता है. दरअसल, अगर इसके पानी और साफ-सफाई पर ध्यान न दिया जाए, तो यही कूलर बीमारियों का घर बन सकता है.
कूलर की हवा में महसूस होने वाली बदबू, इसके अंदर भरे पानी से आती है. पानी में आने वाली बदबू के साथ ही इसके टैंक में मच्छर पनपने लगते हैं, जिससे हवा की क्वालिटी पूरी तरह खराब हो जाती है. ज्यादातर लोग इसे साफ करने के झंझट से डरते हैं, लेकिन एक छोटा सा घरेलू उपाय अपनाकर आप बिना मेहनत इन सारी समस्याओं को खत्म कर सकते हैं. ये नुस्खा न सिर्फ पानी को साफ रखेगा, बल्कि आपके कमरे को खुशबूदार ठंडी हवा से भी भर देगा.
कूलर के पानी को साफ रखने का आसान उपाय
अगर आप भी अपने कूलर की सफाई का ध्यान रखना चाहते हैं और चाहते हैं कि कूलर का पानी लंबे समय तक साफ और फ्रेश बना रहे, तो आप उसमें फिटकरी डाल सकते हैं. जी हां, कूलर का पानी हमेशा साफ रखने के लिए फिटकरी का इस्तेमाल करें. ये न केवल एक सस्ता, बल्कि बेहद असरदार घरेलू तरीका है. ये छोटी सी ट्रिक पानी को साफ रखने के साथ ही कई दूसरी समस्याओं को भी कम करता है. कूलर के टैंक फिटकरी डालने से में पानी में मौजूद गंदगी नीचे बैठ जाती है और वो लंबे समय तक फ्रेश बन रहता है. इससे आपको बार-बार कूलर का पानी बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
क्यों फायदेमंद है फिटकरी?
1. पानी को करती है साफ: कूलर के पानी में फिटकरी डालने से उसमें मौजूद छोटे-छोटे कण आपस में जुड़ जाते हैं, जिससे वो नीचे बैठ जाते हैं और ऊपर का पानी साफ दिखने लगता है.
2. मच्छरों को बढ़ने से रोकती है: फिटकरी कूलर के पानी में मच्छरों को तेजी से पनपने से रोकती है.
3. बदबू से दिलाती है राहत: अगर कूलर के पानी से अजीब सी बदबू आ रही है, तो फिटकरी उसे कम करने में मदद करती है और पानी को फ्रेश बनाए रखती है.
4. बैक्टीरिया को करती है कंट्रोल: फिटकरी बदबू भगाने के साथ ही पानी में पनपने वाले बैक्टीरिया को भी रोकती है. दरअसल, इसमें हल्के एंटीसेप्टिक गुण होते हैं, जो पानी में मौजूद कुछ हानिकारक तत्वों को कम करने में मददगार होते हैं.
5. कूलिंग को बनाती है बेहतर: ये कूलर की हवा को ठंडा करने में भी मददगार है. साफ पानी का मतलब बेहतर कूलिंग होता है. इससे कूलर के पैड्स भी ज्यादा समय तक सही रहते हैं और ठंडी हवा अच्छी मिलती है.