scorecardresearch
 

बिना गैस जलाए बनाएं आंध्र प्रदेश का मशहूर खट्टा-मीठा 'पाची पुलुसु', भीषण गर्मी के लिए शेफ कुणाल ने बताया रामबाण

Pachi Pulusu: गर्मियों में चूल्हे के पास खड़ा होना बहुत मुश्किल होता है. मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने आंध्र प्रदेश की मशहूर डिश 'पाची पुलुसु' की रेसिपी शेयर की है. ये रेसिपी बिना गैस जलाए इमली, गुड़ और प्याज से बनाई जाती है. ये रिफ्रेशिंग और चटपटी डिश मिनटों में तैयार कर सकते हैं.

Advertisement
X
ये डिश इमली और गुड़ से बनाई जाती है. (Photo: ITG)
ये डिश इमली और गुड़ से बनाई जाती है. (Photo: ITG)

Pachi Pulusu: भीषण गर्मी में रसोई में खड़े होकर खाना बनाना किसी सजा से कम नहीं लगता है. गर्मियों में खाना बनाने का नाम सुनते ही कुछ लोगों के पसीने छूटने लगते हैं. ऐसे में गर्मी के मौसम कुछ ऐसा अच्छा लगता है जो झटपट बन जाए और पेट को ठंडक भी दे. अगर आप भी कुछ ऐसा ही तलाश रहे हैं, तो मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने ऐसी ही एक लाजवाब रेसिपी बताई है. उन्होंने आंध्र प्रदेश की खास डिश 'पाची पुलुसु' की रेसिपी शेयर की है, जिसे रॉ रसम या कच्ची इमली का रसम भी कहते हैं.

इस डिश की सबसे बड़ी खूबी ये है कि इसे तैयार करने के लिए आपको गैस जलाने की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ती. इमली की खटास, गुड़ की हल्की मिठास और कच्ची प्याज का क्रंच इसे गर्मी के लिए सबसे बेहतरीन रिफ्रेशिंग मील बनाता है. ये रेसिपी न सिर्फ आपका समय बचाएगी, बल्कि इस उमस भरे मौसम में आपको ताजगी भी देगी. अगर आप भी दोपहर के खाने में कुछ हल्का, खट्टा-मीठा और चटपटा ट्राई करना चाहते हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है. चलिए जानते हैं कैसे बनाते हैं आंध्र प्रदेश की ये मशहूर रेसिपी.

क्या है पाची पुलुसु?
पाची पुलुसु आंध्र प्रदेश की एक ट्रेडिशनल डिश है, जिसे गैस पर पकाने की जरूरत नहीं पड़ती है. इसे बिना पकाए तैयार किया जाता है. इसमें इमली का पानी, प्याज, हरी मिर्च और हल्का तड़का मिलाकर बनाया जाता है. ये डिश गर्मियों में ठंडक देने के साथ-साथ बहुत रिफ्रेशिंग लगती है.

Advertisement

इंग्रेडिएंट्स:

इमली का पानी बनाने के लिए

  • इमली- छोटा बॉल जितना
  • पानी- 3 कप


पाची पुलुसु के लिए

  • हरी मिर्च- 1
  • बारीक कटा प्याज- ½ कप
  • नमक- स्वादानुसार
  • हरा धनिया- थोड़ा सा
  • करी पत्ता- 1 टहनी
  • इमली का पानी- तैयार किया हुआ
  • गुड़- 1½ बड़ा चम्मच


तड़के के लिए 

  • तेल- 1 बड़ा चम्मच
  • सूखी लाल मिर्च- 1
  • जीरा- 1 छोटा चम्मच
  • करी पत्ता- 1 टहनी

इमली का पानी कैसे बनाएं?
1. इमली का पानी बनाने के लिए उसको पानी में डालकर 1 से 1½ घंटे के लिए भिगो दें.
2. फिर इसे हाथ से मसलकर छान लें. मसलते वक्त कोशिश करें कि ज्यादा से ज्यादा गूदा पानी में निकल जाए.

पाची पुलुसु बनाने का आसान तरीका

1. पाची पुलुसु बनाने के लिए सबसे पहले हरी मिर्च को चाकू से हल्का कुचल लें.
2. अब एक बाउल में इस हरी मिर्च, बारीक कटी प्याज, हरा धनिया, करी पत्ता और नमक डालें.
3. अब इन सभी चीजों को हाथ से 2–3 मिनट तक बहुत अच्छे से मसलना है, ताकि सारे फ्लेवर अच्छे से निकल जाएं. ये करना बहुत जरूरी है क्योंकि इसी से सारे फ्लेवर अच्छे से मिक्स होते हैं.
4. अब इसमें इमली का पानी डालें और गुड़ मिलाकर हल्की मिठास दें.
5. इसके बाद एक पैन में तड़का बनाने के लिए तेल गर्म करें. उसमें सूखी लाल मिर्च और जीरा डालें. जीरा चटकने लगे तो करी पत्ता डाल दें.
6. इस तड़के को पुलुसु में डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. आपका पाची पुलुसु तैयार है.

Advertisement

आप इसे गर्म चावल और थोड़ा सा घी डालकर खा सकते हैं. इसका खट्टा-मीठा स्वाद गर्मी में बहुत सुकून देता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement