Imli Rice Recipe: लंच में मिनटों में बनाएं इमली के चटपटे चावल, खाने में लाजवाब और बनाना है बेहद आसान
Imli Rice Recipe: चावल भारतीय खाने का अहम हिस्सा है, जिसे देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तरीके से बनाया जाता है. आज हम आपको साउथ इंडियन खट्टा-मीठा स्वाद वाला इमली राइस बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिसे आप लंच के लिए मिनटों में तैयार कर सकते हैं.
Advertisement
X
गर्मियों के मौसम में लंच में बनाएं इमली राइस, डाइजेशन रहेगा बेहतर और मिलेंगे और भी फायदे (Photo- Adobe Stock)
Imli Rice Recipe: आपने कई तरह के चावल खाए होंगे लेकिन क्या आपने कभी साउथ इंडियन इमली राइस ट्राई किया है. मसाले और इमली के कॉम्बिनेशन से बना यह चावल खाने में टेस्टी होने के साथ-साथ काफी हेल्दी भी होता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती और न ज्यादा सामान की जरूरत होती है. आराम से बचे हुए चावल, इमली का पेस्ट और कुछ मसालों की मदद से इसे मिनटों में तैयार किया जा सकता है.
इमली का खट्टा-मीठा चावल गर्मियों के मौसम में खाने के लिए और भी बेस्ट है क्योंकि यह हल्का होता है और आसानी से पच जाता है. आइए जानते हैं साउथ इंडियन स्टाइल इमली राइस कैसे बनाया जाता है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
2 कप पके हुए चावल
2 बड़े चम्मच इमली का पेस्ट
1 छोटा चम्मच गुड़
नमक स्वादानुसार
1/4 छोटा चम्मच हल्दी
1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1/4 छोटा चम्मच हींग
2 बड़े चम्मच तिल का तेल
1 छोटा चम्मच राई
1 बड़ा चम्मच चना दाल
1 बड़ा चम्मच उड़द दाल
2-3 सूखी लाल मिर्च
2-3 करी पत्ते
2 बड़े चम्मच मूंगफली
1 कप पानी
इमली राइस बनाते कैसे हैं?
सबसे पहले एक कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें राई डालें. जब राई चटकने लगे, तब उसमें चना दाल, उड़द दाल और सूखी लाल मिर्च डालकर भूनें.
इसके बाद इसमें करी पत्ते और मूंगफली डालें और हल्का सुनहरा होने तक भून लें.
अब इसमें हींग, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालें. फिर इमली का पेस्ट या उसका पानी डालकर करीब 10 मिनट तक पकाएं.
अब इसमें गुड़ और नमक डालें और इसे थोड़ा गाढ़ा होने तक पकने दें.
जब मसाला तैयार हो जाए, तब इसमें पके हुए चावल डालें और अच्छे से मिलाएं.
इसे 5-7 मिनट तक पकाएं, ताकि सारे फ्लेवर अच्छी तरह मिल जाएं.
अब आपका टेस्टी इमली राइस तैयार है. इसे आप पापड़ और दही के साथ गरमा-गरम परोसें.