Atta Bread Recipe: बिना मैदा, बिना ओवन, गेहूं के आटे से बनाएं बेकरी जैसी सॉफ्ट ब्रेड, स्वाद में होगी नंबर वन
Atta Bread Recipe: आज हम आपको घर पर गेहूं के आटे से बेकरी जैसी सॉफ्ट और फूली हुई ब्रेड बनाने का आसान तरीका बताएंगे. खास बात यह है कि आप इसे बिना ओवन के भी प्रेशर कुकर में बेहद आसानी से बना सकते हैं.
Advertisement
X
बिना ओवन के तैयार करें बेकरी जैसी ब्रेड (Photo-ITG)
Atta Bread Recipe: चाय के साथ सुबह-सुबह टोस्ट खाना हो या बच्चों का पसंदीदा सैंडविच बनाना, ब्रेड आज हमारे किचन का एक अहम हिस्सा बन चुका है. हालांकि, बाजार में मिलने वाली ब्रेड में अक्सर प्रिजर्वेटिव्स और मैदे का इस्तेमाल किया जाता है जो सेहत के लिए सही नहीं है. ऐसे में अगर आप चाहें तो घर पर ही बेकरी जैसी सॉफ्ट, फूली हुई और ताजा ब्रेड बना सकते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको ओवन की भी जरूरत पड़ेगी. आप इसे अपने किचन के नॉर्मल कुकर में आसानी से बना सकते हैं.आइए जानते हैं कि बिना मैदा और ओवन के गेहूं के आटे से बेकरी स्टाइल ब्रेड कैसे बनाई जा सकती है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
2 कप गेहूं का आटा
1/4 कप मक्खन
3 बड़े चम्मच तेल
2 बड़े चम्मच चीनी
1.5 छोटा चम्मच एक्टिव ड्राई यीस्ट
1/4 छोटा चम्मच नमक
लगभग 300 मिली गुनगुना पानी (जरूरत अनुसार)
सबसे पहले प्रेशर कुकर का गैसकट (रबर) और सीटी निकाल दें. अब कुकर के अंदर एक जाली या स्टैंड रखें और उसे मीडियम गैस पर 5-10 मिनट तक प्रीहीट करें, ताकि बेकिंग के लिए सही टेंपरेचर तैयार हो जाए.
एक बाउल में एक्टिव ड्राई यीस्ट, चीनी और गुनगुना पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसे 5 मिनट के लिए ढककर रखें. जब मिश्रण में झाग बनने लगे तो समझ लें कि यीस्ट एक्टिव हो चुका है.
अब एक बड़े बाउल में गेहूं का आटा, नमक और तेल डालकर मिला लें. अब इसमें तैयार किया हुआ यीस्ट का मिश्रण डालें और फ्लेक्सिबल आटा गूंध लें. इसके बाद मक्खन डालकर आटे को 8-10 मिनट तक अच्छी तरह गूंधें, ताकि आटा स्मूद और लचीला हो जाए.
आटे पर हल्का-सा तेल लगाएं और उसे गीले कपड़े से ढक दें. इसे 2 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रखें. जब आटा फूलकर दोगुना हो जाए तो उसे हल्के हाथों से दोबारा गूंध लें.
अब आटे को ओवल या लोफ का आकार दें और इसे पहले से ग्रीस किए हुए बेकिंग टिन में रख दें. टिन को कपड़े से ढककर 2 घंटे के लिए फिर से फूलने के लिए छोड़ दें.
जब आटा अच्छी तरह फूल जाए तो बेकिंग टिन को प्रीहीट किए हुए कुकर में रखें. कुकर का ढक्कन बंद करें और मीडियम गैस पर 30-35 मिनट तक ब्रेड को बेक करें. ब्रेड के ऊपर सुनहरा रंग आने पर उसे कुकर से बाहर निकाल लें.
ठंडा होने के बाद आपका ब्रेड खाने को तैयार है. इसके बाद इसे स्लाइस में काटें और मक्खन, जैम या अपनी पसंद की सैंडविच फिलिंग के साथ परोसें.