Things You Should Never Clean With Baking Soda: रसोई में रखा बेकिंग सोडा सिर्फ केक या पकौड़े बनाने के काम नहीं आता. घर की सफाई में भी लोग इसका खूब इस्तेमाल करते हैं. सिंक से लेकर किचन स्लैब, बर्तन और जिद्दी दागों तक, जब भी किसी चीज को चमकाने की बात आती है तो लोगों के दिमाग में सबसे पहले बेकिंग सोडा का नाम आता है. इसे एक आसान और सस्ता क्लीनिंग हैक माना जाता है. यही वजह है कि कई लोग इसे किसी भी गंदी या दागदार चीज पर इसे छिड़ककर साफ करने लगते हैं.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर चीज को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करना सही नहीं है? जी हां, बहुत सी चीजें ऐसी हैं, जिन्हें बेकिंग सोडा से इस्तेमाल करना आपकी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल बन सकता है क्योंकि वो खराब हो जाती हैं. इसकी खुरदरी बनावट कुछ नाजुक चीजों पर खरोंच डाल सकती है, उनकी चमक छीन सकती है और कुछ मामलों में नुकसान भी पहुंचा सकती हैं. इसलिए अगली बार सफाई के लिए बेकिंग सोडा उठाने से पहले ये जरूर जान लें कि किन चीजों को इससे भूलकर भी साफ नहीं करना चाहिए.
1. एल्युमिनियम के बर्तन और ट्रे: अगर आपके घर में एल्युमिनियम के कुकर, पैन या ट्रे हैं तो इनकी सफाई के लिए बेकिंग सोडा इस्तेमाल करने से बचें. नमी के संपर्क में आने पर बेकिंग सोडा एल्युमिनियम के साथ रिएक्ट कर सकता है. इससे बर्तन की चमक फीकी पड़ सकती है और उसका रंग भी बदल सकता है.
2. पुरानी चांदी की जूलरी और सामान: चांदी की चीजों को चमकाने के लिए भी कई लोग बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन एंटीक या नाजुक सिल्वर आइटम्स पर ये तरीका भारी पड़ सकता है. बेकिंग सोडा का खुरदुरापन चांदी पर बारीक खरोंच डाल सकता है और उसकी सुरक्षा लेयर को नुकसान पहुंचा सकता है. ऐसी चीजों के लिए सिल्वर पॉलिश या किसी एक्सपर्ट की मदद लेना बेहतर है.
3. तांबे के बर्तन: तांबे के बर्तन चमकदार और खूबसूरत दिखते हैं, इसलिए इनकी सफाई में सावधानी जरूरी है. बेकिंग सोडा तांबे के साथ रिएक्ट करके उसके रंग को जल्दी फीका कर सकता है. इससे बर्तन पर अजीब से दाग या डिसकलरेशन दिखाई दे सकता है और उसकी पुरानी चमक वापस लाना भी मुश्किल हो सकता है.
4. फाइबर ग्लास वाला बाथटब: बाथटब में जमी गंदगी देखकर उसे साफ करने के लिए बेकिंग सोडा छिड़कना आसान उपाय लग सकता है, लेकिन अगर आपका टब फाइबरग्लास का है तो ऐसा न करें. बेकिंग सोडा इसकी सतह पर खरोंच डाल सकता है. यानी सफाई के चक्कर में चमकदार सतह को ही नुकसान पहुंच सकता है.
5. शीशा और कांच की चीजें: खिड़की के शीशे, कांच के बर्तन या ग्लास स्टोवटॉप को बेकिंग सोडा से साफ करने से भी बचना चाहिए. इसका खुरदुरा टेक्शचर कांच पर छोटे-छोटे स्क्रैच डाल सकता है. शुरुआत में ये खरोंच दिखाई न दें, लेकिन समय के साथ इनमें धूल और गंदगी जमा हो सकती है. अगर कांच पर टिंट या एंटी-ग्लेयर जैसी कोटिंग लगी है तो बेकिंग सोडा उसे भी नुकसान पहुंचा सकता है.
6. मार्बल का किचन स्लैब: मार्बल की सतह देखने में जितनी मजबूत लगती है, सफाई के मामले में उतनी ही नाजुक हो सकती है. बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करने से इसकी चमक कम हो सकती है और सतह पर बारीक खरोंच आ सकती है. इससे मार्बल धीरे-धीरे डल या धुंधला दिखाई देने लग सकता है.
7. लेदर का सोफा, जैकेट या जूते: लेदर की चीजों पर भी बेकिंग सोडा इस्तेमाल करने की गलती न करें. लेदर में मौजूद नेचुरल ऑयल्स उसे मुलायम और फ्लेक्सिबल बनाए रखते हैं. बेकिंग सोडा इन तेलों पर असर डाल सकता है, जिससे लेदर सूखने लगे और समय के साथ उसमें दरारें पड़ सकती हैं. इसलिए लेदर के सोफे, कुर्सी, जैकेट, बेल्ट, जूते या बैग की सफाई के लिए अलग से बनाए गए लेदर क्लीनर का इस्तेमाल करना बेहतर है.
8. पेंट की हुई दीवार या फर्नीचर: दीवार पर लगे दाग देखकर बेकिंग सोडा रगड़ना भी सही तरीका नहीं है. इससे पेंट पर खरोंच आ सकती है या पेंट निकल सकता है, जिससे दीवार की फिनिश भी खराब और असमान दिखने लगती है. पेंट की गई सतह के लिए हमेशा हल्के और नॉन-अब्रेसिव क्लीनर का इस्तेमाल करना चाहिए.
9. लकड़ी का फर्नीचर और फ्लोर: लकड़ी की मेज, डाइनिंग टेबल, कॉफी टेबल, लकड़ी के फर्श और कटिंग बोर्ड पर भी बेकिंग सोडा इस्तेमाल करने से बचें. बेकिंग सोडा खुरदुरा होता है, जिसकी वजह से लकड़ी की पॉलिश या फिनिश पर बारीक खरोंच आ सकती है. खासकर पुराने या एंटीक लकड़ी के सामान को इससे ज्यादा नुकसान हो सकता है.