Roti vs Chapati vs Phulka: रोटी भारतीय खानों का अहम हिस्सा है. यह लगभग हर भारतीय घरों में रोज बनाई जाती है. लोग इसे सुबह के नाश्ते, दोपहर के लंच या फिर डिनर में खाना पसंद करते हैं. रोटी से न सिर्फ पेट भरता है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद मानी जाती है. गेहूं के आटे से बनी रोटी में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, विटामिन और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते. कई जगहों पर रोटी को चपाती या फुल्के भी कहा जाता है. ऐसे में कई बार मन में यह सवाल आता है कि क्या ये तीनों एक ही हैं या इनमें कोई फर्क है.
रोटी, चपाती और फुल्का तीनों ही गेहूं के आटे से बनते हैं लेकिन इन्हें बनाने का तरीका और इनकी बनावट अलग-अलग होती है. इन्हीं छोटे-छोटे फर्कों की वजह से रोटी, चपाती और फुल्का एक-दूसरे से अलग माने जाते हैं. आज इस खबर में हम जानेंगे कि इन तीनों में क्या अंतर है और कौन सी रोटी कैसे बनाई जाती है.
रोटी क्या है?
रोटी आमतौर पर गेहूं के आटे से बनाई जाती है और इसे तवे पर सेंक कर बनाया जाता है. इसे बनाने के लिए चपाती की तुलना में थोड़े सख्त आटा गूंथा जाता है और चकला बेलन की मदद से रोटी बेली जाती है. रोटी आमतौर पर चपाती की तुलना में पतली होती है और सब्जी, दाल या करी के साथ खाई जाती है. ज्यादातर लोग सादे रोटी खाते हैं वहीं कुछ लोग घी या बटर लगाकर खाना पसंद करते हैं. यह भारत के ज्यादातर घरों में रोज के खाने का अहम हिस्सा है.
चपाती क्या है?
चपाती रोटी का ही एक खास प्रकार है. यह रोटी के मुकाबले थोड़ी मोटी व चपटी होती है और ये फूलती नहीं है. इसे बनाने के लिए रोटी की तुलना में थोड़ा ज्यादा गीला आटा गूंथा जाता है और चकला-बेलन की जगह हाथों से थपथपाकर आकार दिया जाता है. यह चपाती खासतौर पर भारत के उत्तर और पश्चिमी हिस्सों में ज्यादा खाई जाती है.
फुल्का क्या है?
फुल्का भी रोटी का ही एक रूप है लेकिन इसे बनाने का तरीका थोड़ा अलग होता है. पहले इसे तवे पर हल्का सा पकाया जाता है, फिर गैस की सीधी आंच पर सेंका जाता है. अंदर भाप भरने से फुल्का फूल जाता है, जिससे यह बहुत नरम और हल्का बनता है. फुल्के में तेल या घी बिल्कुल नहीं डाला जाता, इसलिए इसे हेल्दी माना जाता है. यह खासतौर पर महाराष्ट्र और गुजरात में ज्यादा खाया जाता है.
अब आपको रोटी, चपाती और फुल्का के बीच का अंतर साफ तौर पर समझ आ गया होगा. फुल्का सबसे हल्का, पतला और आग पर फूलने वाला होता है. चपाती रोटी के मुकाबले थोड़ी मोटी होती है और इसे हाथ से बनाया जाता है. वहीं रोटी, चपाती की तुलना में थोड़ी पतली होती है.