गर्मियों के मौसम में शरीर को हाइड्रेट और ठंडा रखना बहुत जरूरी होता है. वैसे तो सादा पानी सबसे जरूरी है लेकिन अगर उसी पानी में थोड़ा फ्लेवर मिल जाए तो इससे उसका स्वाद भी बढ़ जाता है और वह और ज्यादा हेल्दी बन जाता है. फ्लेवर्ड वॉटर यानी फल, जड़ी-बूटियों या मसालों के साथ तैयार पानी न सिर्फ पानी का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि डाइजेशन को भी बेहतर बनाने में मदद करता है. खास बात यह है कि इन्हें बनाना बहुत आसान होता है और ये शरीर को ठंडक भी देते हैं. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ हेल्दी वॉटर के बारे में जो गर्मियों में आपको हेल्दी और एनर्जेटिक बनाए रखने में मदद करेंगे.
नींबू पानी
नींबू पानी एक आसान और सबसे पसंदीदा ड्रिंक है. इसका हल्का खट्टा और फ्रेश स्वाद दिनभर पानी पीना आसान बना देता है. इसे बनाने के लिए एक गिलास पानी में आधे नींबू का रस निचोड़ लें. अगर ज्यादा फ्लेवर चाहिए तो इसमें कुछ नींबू के स्लाइस भी डाल सकते हैं. इसे ठंडा या नॉर्मल टेंपरेचर पर पी सकते हैं.
सौंफ का पानी
सौंफ का पानी हल्का मीठा और ठंडक देने वाला होता है जो खाने के बाद पेट को आराम देता है. यह खासकर गर्मियों में डाइजेशन को बेहतर बनाने में मदद करता है.
इसे बनाने के लिए 1 चम्मच सौंफ को एक कप गर्म पानी में डालें और 10–15 मिनट तक ढककर रखें. फिर छानकर पी लें. चाहें तो इसे ठंडा करके भी पूरे दिन पी सकते हैं.
खीरे का पानी
खीरे का पानी बहुत ही ठंडा और ताजगी देने वाला होता है जो गर्मी में शरीर को ठंडक देता है. इसका हल्का स्वाद पानी को और भी मजेदार बना देता है. इसे बनाने के लिए 4–5 पतले खीरे के स्लाइस ठंडे पानी में डालें और 20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. चाहें तो इसमें पुदीने के पत्ते भी डाल सकते हैं.
चिया सीड्स का पानी
चिया सीड्स का पानी थोड़ा अलग होता है, क्योंकि इसमें हल्की जैली जैसी टेक्सचर बन जाती है, जिससे यह ज्यादा भरपेट लगता है. चिया सीड्स का पानी बनाने के लिए 1 चम्मच चिया सीड्स को 1 कप पानी में मिलाएं और 10–15 मिनट तक रहने दें. बीच-बीच में हिलाते रहें ताकि दाने आपस में चिपकें नहीं. जब दाने फूल जाएं, तब इसे ताजा ही पी लें.
पुदीने का पानी
पुदीने का पानी तुरंत ताजगी देने वाला होता है. इसकी ठंडी खुशबू और हल्का स्वाद शरीर को फ्रेश महसूस कराते हैं, खासकर खाना खाने के बाद या गर्मी में. इसे बनाने के लिए 5–6 पुदीने के पत्तों को हल्का सा हाथ से मसल लें और पानी में डाल दें. इसे 15–20 मिनट तक रहने दें, ताकि इसका स्वाद अच्छे से पानी में आ जाए. अगर चाहें तो इसमें खीरा या नींबू भी डाल सकते हैं.