उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की मेजा तहसील में बने कोर्ट के अंदर जमकर लाठी-डंडे चलने का मामला सामने आया है. दो पक्षों के बीच हुई इस झड़प में 6 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. हालांकि जब यह विवाद हुआ तब अदालत नहीं चल रही थी, न ही मौके पर कोई जज बैठे थे.
अभी हाल में प्रयागराज से एक ऐसी ही खबर आई थी जिसमें इलाहाबाद हाई कोर्ट के बाहर से हथियारबंद लोगों ने हथियारों की नोंक पर एक युवा जोड़े का अपहरण कर लिया. घटना सुबह 8.30 बजे हुई जिसके कुछ घंटों बाद बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा और अजितेश कुमार का मामला इसी अदालत पेश होने वाला था.
चश्मदीदों के अनुसार, सोमवार सुबह दोनों लोगों को अदालत के गेट संख्या तीन के बाहर इंतजार करते देखा गया, तभी एक काले रंग की एसयूवी कार आई जोड़े को बंदूक की नोंक पर कार में बैठा लिया. एसयूवी का रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 80 था, जो आगरा जिले का है. गाड़ी के पीछे 'चेयरमैन' लिखा था. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और गाड़ियों की जांच शुरू हो गई.