भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने अपने पति और पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ खराब वैवाहिक जीवन की खबरों को खारिज किया है. शोएब और सानिया के बीच मतभेदों की खबरें पिछले कई महीनों से मीडिया में छायी हुई हैं. निजी यात्रा पर अपनी ससुराल सियालकोट आई भारतीय टेनिस स्टार ने साफ किया कि उनके वैवाहिक जीवन पर संकट की खबरें गलत हैं.
सानिया ने कहा, हमारा वैवाहिक जीवन आसान नहीं है क्योंकि हम पेशेवर खिलाड़ी हैं और दो अलग देशों के रहने वाले हैं. हम जानते हैं कि समय के साथ हम पर दबाव बढ़ेगा लेकिन हमने अब तक इसे अच्छी तरह से निभाया है. सानिया ने कहा कि हम दोनों के बीच किसी तरह की समस्या नहीं है.
क्यों आई ससुराल पाकिस्तान
पाकिस्तान आमद पर बात करते हुए सानिया मिर्जा बोलीं कि मैं यूरोप में टूर्नामेंटों में भाग लेने से पहले अपने पति और उनके परिजनों के साथ समय बिताने के लिये सियालकोट आई थी. मैंने यहां बहुत अच्छा समय बिताया. हम खाने पर बाहर गए और मैंने दिल खोलकर खरीदारी की क्योंकि यहां मैं मीडिया से दूर थी.
सानिया और शोएब के बीच मतभेद की खबरें इसलिए आईं क्योंकि इन दोनों खिलाडि़यों के बीच लगातार दूरियां बनी हुई थीं, लेकिन सानिया ने कहा कि पेशेवर प्रतिबद्धताओं के कारण ऐसा हुआ. उन्होंने कहा, एक दूसरे से दूर रहना हम दोनों के लिए भी आसान नहीं था लेकिन हमने अपनी तरफ से अच्छी तरह से इसे निभाया. मैं आपसे यह कह सकती हूं कि मैं अब भी शोएब से उतना ही प्यार करती हूं जितना चार साल पहले शादी के समय करती थी.
पाकिस्तान में खेलने में आड़े नहीं आएगी सुरक्षा
सानिया ने कहा वैवाहिक जीवन की जिम्मेदारियां और पेशेवर टेनिस करियर निभाना आसान नहीं है और इसके लिये समय चाहिए. लेकिन हमारे आगे भविष्य है. इस टेनिस स्टार ने इसके साथ ही साफ किया कि उन्हें पाकिस्तान आना पंसद है और यदि यहां कोई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होता है तो उसमें भाग लेने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी. उन्होंने कहा, मैं जानती हूं कि पाकिस्तान में सुरक्षा स्थिति को लेकर बहुत बातें की जाती है लेकिन मुझे पाकिस्तान आने में कोई दिक्कत नहीं है क्योंकि यह मेरी ससुराल है.
दुकानदारों ने पूछा, क्या तुम सानिया हो
सानिया ने कहा कि उन्होंने खरीदारी की और फ्रूट चाट का मजा भी लिया. उन्होंने कहा, जब मैं बाजार गई तो दुकानदारों ने जानना चाहा कि क्या मैं सानिया मिर्जा हूं. लेकिन जब उन्होंने शोएब को मेरे साथ देखा तो समझ गये कि मैं सानिया हूं. लोगों को आटोग्राफ देना और उनके साथ फोटो खिंचवाना शानदार अनुभव रहा. उन्होंने कहा, आगे के कड़े टेनिस सत्र से पहले तरोताजा होने का यह सबसे अच्छा तरीका था.
पाकिस्तान में देखा भारत का फाइनल, हारे तो दुख हुआ
सानिया ने कहा कि वह क्रिकेट प्रेमी हैं और भारत के हाल में आईसीसी विश्व टी20 फाइनल में श्रीलंका से हारने से उन्हें दुख हुआ. उन्होंने कहा, मैंने सियालकोट में फाइनल देखा और हम सभी भारत की जीत की उम्मीद कर रहे थे लेकिन यह श्रीलंका का दिन था. उन्होंने कहा, मैं दुआ कर रही हूं कि शोएब फिर से फॉर्म में लौट आएं क्योंकि वह अब भी शीर्ष खिलाड़ी हैं. प्रत्येक शीर्ष क्रिकेटर अपने करियर में उतार-चढाव से गुजरता है. शोएब शीर्ष खिलाड़ी हैं और इसलिए विदेशी टी20 लीग में उसकी इतनी अधिक मांग है. सानिया ने कहा कि वह 18 अप्रैल को यूरोप रवाना होगी.