जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के कुछ हिस्सों में गुटीय तनाव फैलने के बाद रविवार को फिर से कर्फ्यू लगा दिया गया.
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘ऐहतियात के तौर पर कर्फ्यू जदीबाल और नौहट्टा पुलिस थाने के इलाकों और उर्दू बाजार पुलिस चौकी इलाके में लगाया गया है.’ उन्होंने कहा कि यह कर्फ्यू टकराव तथा जानमाल का नुकसान रोकने के लिए लगाया गया है.
जदीबाल पुलिस थाना क्षेत्र में आने वाले हावल इलाके में गुटीय टकराव होने के बाद बुधवार को प्रशासन ने शहर के नौ पुलिस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लागू कर दिया गया. पिछले तीन दिन से जारी कर्फ्यू हालांकि शनिवार हटा लिया गया था, लेकिन हावल और आसपास के इलाकों में फिर से टकराव होने के बाद कर्फ्यू पुन: लगा दिया गया. कर्फ्यू वाले इलाकों से अब तक हिंसा की कोई खबर नहीं है.