अन्ना हज़ारे पक्ष ने हरियाणा की हिसार लोकसभा सीट पर अगले महीने होने वाले उपचुनाव के जरिये चुनावी अखाड़े में परोक्ष रूप से अपनी ताकत अजमाने की तैयारी कर ली है. हज़ारे पक्ष ने घोषणा की कि हिसार में जनता से जनलोकपाल विधेयक के विरोधी उम्मीदवारों को वोट नहीं देने की अपील की जायेगी.
हज़ारे के साथी कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल ने संवाददाताओं को बताया, ‘हिसार उपचुनाव हमारे आंदोलन का अगला और अहम पड़ाव होगा. हम जनलोकपाल विधेयक को इस उपचुनाव में बड़ा मुद्दा बनाने जा रहे हैं. हम हिसार की जनता से अपील करेंगे कि वह उन उम्मीदवारों को वोट नहीं दे जो जनलोकपाल विधेयक का समर्थन नहीं कर रहे हैं.’
उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि राजनीतिक दलों के उम्मीदवार जनलोकपाल विधेयक का संसद में समर्थन करने का आश्वासन देंगे लेकिन हम उनसे अनुरोध करते हैं कि वे लिखित में अपने पार्टी अध्यक्षों से यह आश्वासन लें. ऐसा होने पर ही हम जनता से उनके पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे.
गौरतलब है कि हिसार लोकसभा सीट पर 13 अक्तूबर को उपचुनाव होने वाले हैं. इसमें कांग्रेस के जयप्रकाश, हरियाणा जनहित कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई और इंडियन नेशनल लोक दल के अजय सिंह चौटाला के बीच मुकाबला है. भाजपा बिश्नोई को समर्थन देने की बात कह चुकी है.
इस बारे में पूछे जाने केजरीवाल ने कहा, ‘अगर भाजपा ने बिश्नोई का समर्थन किया है तो हम यह मांग करेंगे कि भाजपा भी हिसार की जनता को जनलोकपाल विधेयक का समर्थन करने का लिखित आश्वासन दे.’
केजरीवाल ने कहा कि हज़ारे हिसार जायेंगे या नहीं, यह अभी तय नहीं है लेकिन वह हिसार की जनता के नाम एक संदेश जारी करेंगे. हज़ारे के साथी कार्यकर्ता प्रशांत भूषण ने कहा कि हिसार में कई मुद्दे हैं लेकिन हम अभी सिर्फ जनलोकपाल विधेयक पर ही ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं.
गौरतलब है कि हज़ारे पक्ष के कार्यकर्ता पिछले दिनों हिसार में थे और वहां जनता के साथ उन्होंने कई बैठकें कीं. इस दौरान उन्हें कौन से मुद्दे अहम लगे, इस बारे में पूछे जाने पर भूषण ने कहा कि हिसार के निकट फतेहाबाद में किसानों की सहमति के बिना एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र के लिये भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है. यह एक बड़ा मुद्दा बनेगा.
पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी ने कहा कि हम आम जनता को जागरूक करने के लिये हिसार पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. हम जनता को यह बताना चाहते हैं कि उनके वोट की ताकत कितनी बड़ी है.
कुमार विश्वास ने कहा कि हिसार के उपचुनाव लोकपाल आंदोलन के लिये अग्नि परीक्षा की तरह होंगे और चुनाव नतीजों से ही आंदोलन की आगे की दिशा तय होगी.