अन्ना हजारे अपनी नई टीम बनाने की सोच रहे हैं. ये दावा उनका ब्लॉग देखनेवाले राजू पारुलेकर ने किया है. राजू के मुताबिक अन्ना देशव्यापी स्तर पर अपनी टीम बनाएंगे और इसमें सिर्फ गैर राजनीतिक लोगों को ही जगह दी जाएगी.
राजू पारुलेकर का कहना है कि अन्ना की टीम में शामिल होने के लिए लोगों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा.
राजू की माने तो अन्ना अपनी नई टीम में युवाओं को ज्यादा तरजीह देंगे, खासकर उन लोगों को जिनकी उम्र 20 से 45 साल के बीच हो. साफ है हाल के दिनों में जिस तरह से अन्ना की टीम के कुछ लोगों का विवादों से नाता जुड़ा है उससे अन्ना आहत हैं.
उधर, टीम अन्ना के एक सदस्य कुमार विश्वास ने लिखी है अन्ना के नाम एक चिट्ठी. इस चिट्ठी में कुमार विश्वास ने अन्ना के आंदोलन और उसके असर के बारे में विस्तार से लिखा है.
चिट्ठी में अन्ना टीम के सदस्यों को बदनाम करने की साजिशों का भी जिक्र है. लेकिन इस चिट्ठी के आखिर में कुमार विश्वास ने लिखा है मौजूदा टीम को स्थगित कर दिया जाना चाहिए और नई व्यवस्था का सृजन करना चाहिए.