scorecardresearch
 

न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में बेकाबू हुई घोड़ा-बग्गी, मां को बचाने की कोशिश में 18 वर्षीय बेटे की गई जान, पहली विदेश यात्रा बनी आखिरी सफर

न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में घोड़ा-बग्गी हादसे में पठानकोट के 18 वर्षीय रोमांच महाजन की मौत हो गई. परिवार के साथ घूमते समय घोड़ा बग्गी अचानक बेकाबू हो गई, जिससे वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. सिर में चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिवार चार दिन पहले ही अमेरिका पहुंचा था.

Advertisement
X
मां को बचाने की कोशिश में गई किशोर की जान. (Photo: ITG)
मां को बचाने की कोशिश में गई किशोर की जान. (Photo: ITG)

न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जिसमें भारत के पंजाब के पठानकोट जिले के 18 साल के लड़के रोमांच महाजन की मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब वह अपने परिवार के साथ सेंट्रल पार्क में घूम रहा था. जानकारी के अनुसार पठानकोट की इंदिरा कॉलोनी निवासी महाजन परिवार कुछ दिन पहले ही पहली बार विदेश यात्रा पर अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर गया था. परिवार में माता-पिता और 18 वर्षीय बेटा रोमांच महाजन शामिल थे. परिवार चार दिन पहले ही न्यूयॉर्क पहुंचा था और वहां घूमने का आनंद ले रहा था.

घटना न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध सेंट्रल पार्क में हुई, जहां परिवार घोड़ा-बग्गी की सवारी कर रहा था. इसी दौरान अचानक घोड़ा बेकाबू हो गया और बग्गी को लेकर दौड़ पड़ा. इस हादसे में रोमांच महाजन नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हादसे के समय घोड़ा-बग्गी चलाने वाला व्यक्ति फोटो खींचने के लिए नीचे उतरा था. इसी दौरान घोड़ा अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और बग्गी तेजी से दौड़ने लगी. इस दौरान युवक अपनी मां को बचाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह गिरकर घायल हो गया.

परिवार के साथ घूमते समय अचानक हुई दर्दनाक घटना

हादसे के तुरंत बाद रोमांच को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. 18 वर्षीय रोमांच महाजन अपने माता-पिता के साथ पहली बार विदेश यात्रा पर गया था. परिवार के लिए यह यात्रा खुशियों से भरी होनी चाहिए थी, लेकिन यह हादसा उनके लिए गहरे दुख में बदल गया.

Advertisement

रोमांच की मौत की खबर जैसे ही पठानकोट स्थित इंदिरा कॉलोनी और आसपास के इलाके में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. परिवार के रिश्तेदारों, दोस्तों और जान-पहचान के लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. परिवार के लिए यह हादसा एक बड़ा सदमा है क्योंकि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी पहली विदेश यात्रा इस तरह एक दर्दनाक घटना में बदल जाएगी. 

हादसे के बाद अस्पताल में इलाज, नहीं बचाई जा सकी जान

माता-पिता के सामने हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे आघात में डाल दिया है. स्थानीय स्तर पर भी इस घटना की चर्चा हो रही है और लोग परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं. हर कोई इस अचानक हुई मौत से स्तब्ध है. फिलहाल स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं और पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement