आगामी लोकसभा चुनाव से पहले देश की 52 खाली राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है. इन सभी सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है. मंगलवार को नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था. इसके बाद कई राज्यों के उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया है. इनमें कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं.
राजस्थान की बात करें तो यहां की तीन सीटों पर प्रत्याशियों को निर्विरोध चुन लिया गया. इनमें कांग्रेस से सोनिया गांधी, बीजेपी से चुन्नीलाल गरासिया और मदन राठौड़ का नाम शामिल है. अधिकारियों ने बताया कि सोनिया गांधी, चुन्नीलाल गरासिया और मदन राठौड़ को राज्य से उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुना गया है. विधानसभा सचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने कहा कि चूंकि तीनों नेताओं के खिलाफ कोई अन्य उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ रहा था, इसलिए उन्हें राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुना गया.
पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए टीएमसी के चार उम्मीदवार नदीमुल हक, सुष्मिता देव, ममता बाला ठाकुर और सागरिका घोष निर्विरोध विजेता घोषित कर दिए गए हैं.
मध्य प्रदेश में भी बीजेपी का दबदबा
मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां बीजेपी के चार और कांग्रेस का एक प्रत्याशी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुआ. बीजेपी की तरफ से केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरूगन, उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंशीलाल गुर्जर राज्यसभा के लिए चुने गए हैं. वहीं, कांग्रेस की तरफ से अशोक सिंह सदन पहुंचे हैं.
गुजरात में निर्विरोध चुने गए उम्मीदवार
बता दें कि गुजरात में राज्यसभा की चार सीटें खाली थीं. इन सभी सीटों पर बीजेपी ने कब्जा कर लिया है. विधानसभा में भारी बहुमत के कारण ये फैसला आया है. इन सीटों पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गोविंद ढोलकिया, जसवंत सिंह परमार और मयंक नायक निर्विरोध चुनकर राज्यसभा पहुंचे हैं.
बिहार में निर्वाचित हुए उम्मीदवार
बिहार में राज्यसभा सीटों के चुनाव में आरजेडी के 2, जेडीयू के एक, बीजेपी के 2 और कांग्रेस से 1 उम्मीदवार दौड़ में थे. इन सभी 6 उम्मीदवारों को भी निर्वाचित कर लिया गया है. इनमें बीजेपी के भीम सिंह और धर्मशीला गुप्ता, जेडीयू के संजय झा, आरजेडी के मनोज झा और संजय यादव, कांग्रेस के अखिलेश सिंह शामिल हैं. ये सभी 6 उम्मीदवार निर्विरोध चुनकर राज्यसभा के लिए पहुंचे हैं.