लोकसभा में आज राहुल गांधी के भाषण के दौरान जोरदार हंगामा हुआ. राहुल ने पूर्व आर्मी चीफ जनरल एम.एम. नरवणे की कथित अनपब्लिश्ड किताब का हवाला देते हुए दावा किया कि डोकलाम में 4 चीनी टैंक भारत की सीमा में पहुंचे थे. उनके इस बयान पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें टोका, जबकि स्पीकर ओम बिरला ने नियमों का हवाला देकर रोका. राहुल करीब 46 मिनट तक अपनी बात कहने की कोशिश करते रहे, लेकिन हंगामे के चलते कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी. दोपहर 3 बजे और फिर शाम 4 बजे तक सदन की कार्यवाही बाधित रही. मामला अब राष्ट्रीय सुरक्षा और राजनीतिक टकराव का बड़ा मुद्दा बन गया है.