दिल्ली में संसद का बजट सेशन सियासी घमासान का अखाड़ा बन गया. राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने चीन के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की. उन्होंने पूर्व आर्मी चीफ एम.एम. नरवणे की कथित अप्रकाशित किताब का हवाला दिया, जिसे लेकर सत्ता पक्ष ने विरोध जताया. राजनाथ सिंह, अमित शाह और किरेन रिजिजू ने नियमों का हवाला देकर कहा कि अपुष्ट बातों को सदन में नहीं उठाया जा सकता. हंगामे के चलते कार्यवाही तीन बार स्थगित हुई। इस बीच बीजेपी ने नरवणे का पुराना इंटरव्यू पोस्ट कर दावा किया कि भारत ने चीन के सामने अपनी जमीन का एक इंच भी नहीं खोया. तेजस्वी सूर्या ने कांग्रेस पर संस्कृति की उपेक्षा का आरोप लगाया, जबकि विपक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर बोलने देना चाहिए था. मामला अब राष्ट्रभक्ति और सुरक्षा नीति पर आर-पार की लड़ाई में बदल चुका है.