scorecardresearch
 

कोलकाता में TMC के दफ्तर से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद, कई दिनों से बंद था ताला

कोलकाता के तांगड़ा थाना इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद हुए हैं, जिससे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.

Advertisement
X
टीएमसी दफ्तर से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद हुए हैं
टीएमसी दफ्तर से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद हुए हैं

कोलकाता के तांगड़ा थाना इलाके में स्थित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक पार्टी कार्यालय से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद होने की बात सामने आई है. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, ईस्ट कुलिया रोड स्थित यह पार्टी कार्यालय 4 मई को विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से बंद पड़ा था. आरोप है कि लंबे समय तक कार्यालय बंद रहने के कारण इलाके के कुछ लोगों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने कार्यालय का ताला तोड़ दिया.

बताया जा रहा है कि अंदर प्रवेश करने पर लोगों को एक अलमारी में कई आधार कार्ड रखे मिले. इसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई. आधार कार्ड किसके हैं और वहां कैसे पहुंचे, इसे लेकर अब सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि चुनाव के दौरान पहचान पत्रों का दुरुपयोग किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. हालांकि, अभी तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर किसी तरह की पुष्टि नहीं हुई है.

सूचना मिलने के बाद तांगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने कथित रूप से बरामद दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि ये आधार कार्ड वहां क्यों रखे गए थे और इसके पीछे कोई साजिश या अवैध गतिविधि थी या नहीं. फिलहाल, TMC की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement