
आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेता राघव चड्ढा के पार्टी छोड़ने के फैसले के बाद राजनीतिक माहौल अचानक गर्म हो गया है. इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर सीधा निशाना साधा.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए केजरीवाल ने ज्यादा कुछ नहीं लिखा. सिर्फ एक लाइन में अपनी बात कह दी. उन्होंने लिखा, 'बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ किया धक्का.'

दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष ने क्या कहा?
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कुछ राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने की खबर पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यह होना स्वाभाविक था. उनका कहना है कि आम आदमी पार्टी के कुछ और सांसद भी बीजेपी में आ सकते हैं, और पार्टी उनका स्वागत करती है.
सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल अब भ्रष्टाचार का प्रतीक बन गए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जो पैसा पंजाब के लोगों के लिए खर्च होना चाहिए, उसे केजरीवाल अपनी राजनीति के लिए गुजरात और गोवा में इस्तेमाल कर रहे हैं.
स्वाती मालीवाल ने क्या कहा?
राज्यसभा सांसद स्वाती मालीवाल ने राघव के आम आदमी पार्टी छोड़ने को लेकर एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा, 'जिन सिद्धांतों, मूल्यों और ईमानदार राजनीति के संकल्प के साथ हमने यह सफर शुरू किया था, आज बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अरविंद केजरीवाल जी और उनके इशारे पर पूरी आम आदमी पार्टी उन आदर्शों से भटक चुकी है. केजरीवाल जी के संरक्षण में आम आदमी पार्टी में बढ़ता बेहिसाब भ्रष्टाचार, महिलाओं के साथ उत्पीड़न और मारपीट की घटनाएं, गुंडा तत्वों को बढ़ावा और पंजाब के साथ हो रही धोखेबाजी और लूट को देखते हुए मैंने आज पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया है.'
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने क्या कहा?
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और आप नेता मनीष सिसोदिया ने एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा, 'तीन दिन से गुजरात में हूं. जिस समय गुजरात में हजारों कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर, सारे ख़तरे और बीजेपी की धमकियां झेलकर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने कीलिये खून पसीना बहा रहे है, उसी समय कुछ गद्दारों ने पंजाब के कार्यकर्ताओं के खून पसीने की कमाई का सौदा कर लिया. जो राज्यसभा सदस्य आज बीजेपी के सामने झुक गए, अपनी निजी मजबूरियों, डर और लालच के कारण जिन्होंने पंजाब के लोगों के साथ ग़द्दारी की है, उन्हें पता होना चाहिए कि पंजाब गद्दारों को कभी माफ नहीं करता है.'
कांग्रेस नेता उदित राज ने क्या कहा?
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के मुद्दे पर कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि आम आदमी पार्टी का एक बड़ा हिस्सा बीजेपी में चला गया है. उनके मुताबिक, जब किसी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य अलग हो जाते हैं, तो उस समूह को मान्यता मिल जाती है.
भगवंत मान का बयान: बीजेपी तिकड़मों से पंजाब को अस्थिर करना चाहती है
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने बयान में भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सीधे चुनाव नहीं जीत पाती, इसलिए 'तिकड़मबाज़ी' के जरिए पंजाब की राजनीति को प्रभावित करने की कोशिश करती है.
भगवंत मान ने कहा कि पहले आरटीएफ का पैसा रोका गया और उसके बाद अलग-अलग तरीके अपनाकर माहौल बनाने की कोशिश की गई. उन्होंने इशारा किया कि केंद्र सरकार ने कई बार दबाव बनाने के लिए आर्थिक और प्रशासनिक कदम उठाए.
उन्होंने कहा कि जब किसान आंदोलन हुआ तो हालात ऐसे बने कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यू-टर्न लेना पड़ा. उनके मुताबिक, यह दिखाता है कि जनता के दबाव के सामने सरकार को झुकना पड़ा था.
उन्होंने कहा कि बीजेपी पर 'वाशिंग मशीन' की तरह काम करने का आरोप लगता रहा है, जहां दूसरे दलों के नेताओं को अपने साथ मिलाया जाता है. उन्होंने शरद पवार और उद्धव ठाकरे जैसे उदाहरणों का जिक्र करते हुए कहा कि यह पैटर्न अलग-अलग राज्यों में देखा गया है.
यह भी पढ़ें: राघव चड्ढा को हटाकर केजरीवाल ने राज्यसभा में जिसे बनाया डिप्टी लीडर, उन्होंने भी छोड़ी पार्टी, BJP में हो रहे शामिल
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी पंजाब की ऊर्जा और विकास को कमजोर करना चाहती है. उनके अनुसार, जो काम उनकी सरकार कर रही है, उससे विपक्ष परेशान है और इसलिए राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है.
संजय सिंह ने क्या कहा?
संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला. उन्होंने इसे बीजेपी की घटिया राजनीति बताते हुए कहा कि जनहित के कामों को रोकने की साजिश रची जा रही है.
तेजस्वी यादव ने क्या कहा?
तेजस्वी यादव ने कहा कि जो लोग भाजपा से मिल रहे हैं, वे संघर्ष नहीं समझौता करने वाले लोग हैं. डर का माहौल. जो डरा है, वही भाजपा की शरण में गया है. जो लड़ रहे हैं, वो आज भी भाजपा के खिलाफ खड़े हैं.
राघव पर तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी ने सवाल उठाया कि जब केजरीवाल और सिसोदिया जेल में थे, तब राघव चड्ढा लंदन में क्या कर रहे थे? वे भागे थे या भगाए गए थे, ये सब जानते हैं.
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने क्या कहा?
जयपुर में आम आदमी पार्टी के कुछ राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के मुद्दे पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने कदमों से पीछे नहीं हटेगी और देश में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है. उनका आरोप है कि सरकारी एजेंसियां भी सरकार के नियंत्रण में काम कर रही हैं.
गहलोत ने कहा कि हाल ही में अशोक मित्तल पर कार्रवाई हुई, उससे पहले राघव चड्ढा को भी परेशान किया गया और कुछ नेताओं के नाम शराब मामले में जोड़े गए. उनका कहना है कि ये सब राजनीतिक दबाव बनाने के तरीके हैं.