मुंबई में मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मुलाकात हुई. पीएम मोदी ने अपने X हैंडल (पूर्व में ट्विटर) से एक पोस्ट में लिखा, 'मुंबई में अपने मित्र, राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर बहुत खुशी हुई. उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें यह शहर बहुत पसंद आया और उन्होंने आज सुबह अपनी वॉक का भी खूब आनंद लिया.' दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने यहां लोकभवन में व्यापक द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें भारत और फ्रांस के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करने पर सहमति बनी.
पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने इंडो-पैसिफिक कोऑपरेशन सहित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की. द्विपक्षीय बैठक के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर 2026 का उद्घाटन करेंगे और दोनों देशों के बिजनेस लीडर्स, स्टार्टअप्स, रिसर्चर्स और इनोवेटर्स की एक सभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद मैक्रों एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए नई दिल्ली रवाना होंगे.
फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं. मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार रात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनका और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों का स्वागत किया. मैक्रों की यह चौथी भारत यात्रा है और वह पहली बार मुंबई आए हैं. यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा के एक साल बाद हो रही है.