मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में JDU शामिल होने के लिए तैयार हो गई गई है, यूपी चुनाव के लिए ओवैसी की पार्टी ने आवेदन पत्र मांगना शुरू कर दिया है, वहीं एक बार फिर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि हुई है. देश ने एक दिन में 80 लाख से भी अधिक कोरोना वैक्सीन लगाईं हैं. TMC सांसद नुसरत जहां की शादी का मसला अब संसद में पहुंच गया है. इन्हीं पांच बड़ी खबरों को पढ़ें आज के हमारे न्यूजरैप में....
केंद्र की मोदी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं को लेकर दिल्ली से बिहार तक सियासी सरगर्मियां बढ़ गई है. मोदी कैबिनेट में जेडीयू के शामिल होने के कयासों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं. नीतीश कुमार बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से दिल्ली में मुलाकात भी कर सकते हैं. जेडीयू अब केंद्र सरकार में शामिल होने के लिए तैयार है, लेकिन मोदी के केंद्रीय मंत्रिमंडल में उसका स्ट्रक्चर कैसा होगा यह तस्वीर अभी तक साफ नहीं हो सकी है.
'मिशन UP' पर ओवैसी की AIMIM, टिकट दावेदारों से भरवाए जा रहे 'वफादारी कॉन्ट्रैक्ट'
ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने यूपी चुनाव में उतरने की तैयारी पूरी कर ली है. इसके लिए बाकायदा AIMIM ने अपनी तरफ से MLA कैंडिडेट आवेदन पत्र भी जारी कर दिया है. आवेदन पत्र के साथ वफादारी का कॉन्ट्रैक्ट भी शामिल किया गया है, वफादारी के कॉन्ट्रैक्ट में इस बात का जिक्र किया गया है कि आवेदनकर्ता टिकट न मिलने की स्थिति में भी पार्टी के लिए ईमानदारी से प्रचार करेगा.
फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, 29 दिन में 7.18 रुपये बढ़ी पेट्रोल की कीमत, जानें आज का भाव
मंगलवार यानी 22 जून को पेट्रोल का भाव 28 पैसे प्रति लीटर बढ़ गया है. वहीं, डीजल के रेट में भी 26 पैसे की बढ़ोतरी हुई है. तेल कीमतों में हुए इस इजाफे के बाद दिल्ली के बाजार में पेट्रोल की कीमते बढ़कर 97.50 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई हैं. वहीं, डीजल का भाव भी बढ़कर 88.23 रुपये प्रति लीटर हो गया है.
कोरोना: 92 देशों की आबादी से भी ज्यादा रहा वैक्सीनेशन, जानें राज्यवार आंकड़े
देश में 21 जून से 18 साल से ज्यादा की उम्र के लोगों का फ्री वैक्सीनेशन और तेज कर दिया गया है, इसके पहले ही दिन देश ने टीका लगाने का रिकॉर्ड बना लिया है. सरकार के आंकड़ों के मुताबिक पहले दिन कोरोना वैक्सीन की 84 लाख से ज्यादा डोज लगाई गई हैं. टीकाकरण का रिकॉर्ड बनने पर प्रधानमंत्री मोदी ने खुशी जताते हुए ट्विटर पर वेलडन इंडिया भी कहा है.
संसद पहुंचा नुसरत जहां की शादी का विवाद, BJP MP की स्पीकर से मांग- रद्द हो लोकसभा सदस्यता
पश्चिम बंगाल से सांसद और तृणमूल कांग्रेस की नेता नुसरत जहां की शादी का मसला अब लोकसभा तक जा पहुंचा है. भारतीय जनता पार्टी की सांसद संघमित्रा मौर्य ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने नुसरत जहां की लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग की है. संघमित्रा मौर्य का कहना है कि नुसरत जहां का आचरण अमर्यादित है, शादी के मसले पर उन्होंने अपने वोटर्स को धोखे में रखा है. साथ ही इससे संसद की गरिमा भी धूमिल हुई है.