न्यू मैंगलोर पोर्ट पर कच्चे तेल की आपूर्ति लगातार बढ़ रही है, जहां दो और बड़े टैंकर पहुंचने से तेल आपूर्ति को मजबूती मिली है. यह कच्चा तेल मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) के लिए लाया गया है. बंदरगाह प्राधिकरण के अनुसार, 'सनराइज वे' नामक जहाज सोमवार को यहां पहुंचा. यह टैंकर अफ्रीका के मांडजी क्षेत्र से 88,152 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर आया है. फिलहाल यह जहाज एमआरपीएल के सिंगल ब्वॉय मूरिंग बिंदु पर तेल उतारने की प्रक्रिया में लगा हुआ है.
इसके अलावा 'नागार्जुन' नाम का एक और टैंकर भी बंदरगाह पर पहुंच चुका है. यह जहाज रूस के प्रिमोर्स्क बंदरगाह से 97,354 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर आया है. अधिकारियों के मुताबिक, इस टैंकर से तेल उतारने की प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू की जाएगी. इस बीच, ‘देशभक्त’ नाम का एक और टैंकर 3 अप्रैल को पहुंचने वाला है.
यह जहाज राजस्थान से 63,171 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर आएगा, जिसे एमआरपीएल को आपूर्ति किया जाएगा. बंदरगाह पर लगातार टैंकरों की आवाजाही से कच्चे तेल की उपलब्धता बनी हुई है, जिससे रिफाइनरी संचालन को स्थिरता मिल रही है.