दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार 19 मार्च को रामलीला मैदान में होने वाली ‘किसान पंचायत’ को लेकर एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने बताया कि रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों विशेष रूप से जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मार्ग पर जरूरत पड़ने पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किया कर दिया है. पुलिस का कहना है कि किसान पंचायत में भारी भीड़ जुटने की संभावनाएं हैं. साथ ही पुलिस ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक परिवाहन का इस्तेमाल करने की अपील की है.
दरअसल, संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) ने गुरुवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान पंचायत बुलाई है. इस कार्यक्रम में सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे के बीच बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है. इसी मद्देनजर बुधवार को एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की.
पुलिस ने बताया कि जवाहरलाल नेहरू (JLN) मार्ग और रामलीला मैदान के आसपास के इलाकों में आवश्यकतानुसार यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है. अजमेरी गेट से आसफ अली रोड के रास्ते रामलीला मैदान की ओर जाने वाले वाहनों पर पूरी तरह रोक रहेगी. यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और सुचारू यात्रा के लिए सार्वजनिक परिवहन अपनाने की सलाह दी गई है.
इन रास्तों पर रहेगा भारी दबाव
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार,पंचायत में आने-जाने के वक्त जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट, मिंटो रोड, दिल्ली गेट और कमला मार्केट गोल चक्कर पर भारी जाम लग सकता है. भारी वाहनों और बसों के लिए विशेष डायवर्जन किया गया है.
एडवाइजरी में कहा गया है कि उत्तर और पश्चिम दिल्ली से आने वाले वाहन जो अजमेरी गेट की ओर जा रहे हैं, उन्हें रानी झांसी चौक से पंचकुईयां रोड के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अजमेरी गेट की बजाय रानी झांसी रोड-पंचकुईयां रोड-कनॉट प्लेस-मिंटो रोड का रूट अपनाने का सुझाव दिया है.
पार्किंग के कड़े नियम
एडवाइजरी में बताया गया है कि कार्यक्रम में आने वाले लोग अपने वाहन माता सुंदरी कॉलेज की पार्किंग में खड़े कर सकेंगे. बसों के लिए दिल्ली गेट पर उतरने का पॉइंट बनाया गया है, जिसके बाद उन्हें राजघाट या पावर हाउस पार्किंग में भेजा जाएगा. दिल्ली गेट के आगे जेएलएन मार्ग पर किसी भी बस को जाने की अनुमति नहीं होगी. जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड, मिंटो रोड, डीडीयू मार्ग और चमन लाल मार्ग पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित है. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को क्रेन से उठाकर मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और वाहन को टो करके ले जाया जाएगा.
एडवाइजरी के अंत में पुलिस ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वो जहां संभव हो सार्वजनिक परिवाहन का इस्तेमाल करें और देरी को कम करने के लिए मौके पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें.