scorecardresearch
 

घर बनाने के लिए लिया था 15 लाख का कर्ज, वसूली के दबाव में मां ने दो बच्चों संग की खुदकुशी

कर्नाटक के कोलार जिले में कर्ज और कथित तौर पर साहूकारों के उत्पीड़न से परेशान एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ तालाब में कूदकर जान दे दी. तीनों के शव शुक्रवार सुबह एक फार्म पोंड से बरामद हुए. पुलिस का कहना है कि परिवार ने घर बनाने के लिए करीब 15 लाख रुपये का कर्ज लिया था और मामले की जांच जारी है.

Advertisement
X
आधी रात बच्चों के साथ घर से निकली थी महिला.(Photo: AI-generated)
आधी रात बच्चों के साथ घर से निकली थी महिला.(Photo: AI-generated)

कर्नाटक के कोलार जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 40 वर्षीय एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कथित तौर पर फार्म पोंड में कूदकर आत्महत्या कर ली. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि बढ़ते कर्ज और निजी साहूकारों तथा स्वयं सहायता समूह (SHG) के कर्जदाताओं के कथित दबाव ने महिला को यह कदम उठाने के लिए मजबूर किया.

मृतकों की पहचान प्रमीला (40), उनकी 22 वर्षीय बेटी स्वप्ना और 18 वर्षीय बेटे चरण के रूप में हुई है. तीनों कोलार जिले के बेगलिबेनाजेनहल्ली गांव के रहने वाले थे. उनके शव कोलार तालुक के छत्रकोडिहल्ली के पास स्थित एक फार्म पोंड से बरामद किए गए.

यह भी पढ़ें: फुटपाथ पर चलाई कार-बाइक तो लगेगा 5,000 का जुर्माना, कर्नाटक सरकार का नया प्रस्ताव

पुलिस के अनुसार, परिवार ने हाल ही में नया घर बनाने के लिए करीब 15 लाख रुपये का कर्ज लिया था. इसके बाद से निजी फाइनेंसरों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े कर्जदाताओं की ओर से लगातार भुगतान का दबाव बनाया जा रहा था. पुलिस इसी एंगल से मामले की जांच कर रही है.

आधी रात बच्चों के साथ घर से निकली थी महिला

जांच में सामने आया है कि गुरुवार रात महिला प्रमीला की अपने पति सुरेश से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. इसके बाद वह रात करीब एक बजे अपने बेटे और बेटी के साथ घर से निकल गई.

Advertisement

पेशे से ऑटो-रिक्शा चालक सुरेश ने देर रात तक पत्नी और बच्चों की तलाश की. पुलिस के मुताबिक जब उन्होंने फोन पर संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि वे किसी रिश्तेदार के घर पर हैं. इस जवाब के बाद सुरेश को लगा कि परिवार सुरक्षित है.

लेकिन अगली सुबह जब तीनों के शव फार्म पोंड में मिले तो पूरे परिवार में कोहराम मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

कर्ज और उत्पीड़न के एंगल से जांच

कोलार ग्रामीण पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वास्तव में कर्ज का दबाव और कथित उत्पीड़न इस सामूहिक आत्महत्या की वजह बना.

जांच अधिकारी परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और कर्ज देने वाले लोगों से पूछताछ कर रहे हैं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि परिवार पर आर्थिक दबाव कितना था और किन परिस्थितियों में महिला ने इतना बड़ा कदम उठाया.

फिलहाल, पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement