भारत के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश के बाद गर्मी से राहत मिली है. दिल्ली‑एनसीआर में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई. वहीं, मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 6 जून तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश, गरज‑चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस बदलाव का असर फलों की फसलों पर पड़ सकता है.
उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में भी अगले चार दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं. मौसम विभाग ने इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है.
मध्य भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. 2 जून से 4 जून के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आंधी‑तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात में भी 4 जून तक मौसम का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: मुंबई में सरप्राइज बारिश, 15 मिनट की बौछार ने दी गर्मी से राहत, UP में भी बदला मौसम
केदारनाथ यात्रा पर मौसम का असर
मौसम विभाग ने रविवार को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश और आंधी‑तूफान की प्रबल संभावना जताई थी, जिसके चलते क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया. मौसम में बदलाव की आशंका के बाद केदारनाथ यात्रा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ पैदल मार्ग पर जा रहे यात्रियों को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थल या सुरक्षित स्थानों पर रोकने के आदेश दिए.
वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल आने वाले दिनों में बारिश की संभावना नहीं है.