अमेरिका, ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव और हार्मुज़ स्ट्रेट से जुड़ी पाबंदियों के बीच देश में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की आशंका जताई जा रही है. इसी को लेकर आजतक की टीम ने देश के अलग-अलग शहरों में ग्राउंड जीरो पर जाकर हकीकत जानने की कोशिश की. कई जगह राहत की तस्वीर सामने आई, तो कुछ इलाकों में आंशिक दिक्कत भी दिखी.
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में अलग-अलग पेट्रोल पंप पर आजतक की टीम पहुंची और हकीकत जानने की कोशिश की. ग्राहकों ने बताया कि गांव की अपेक्षा शहर में आराम से पेट्रोल मिल रहा है. जबकि गांव में ज्यादा कीमत पर पेट्रोल बेचा जा रहा है. हालांकि कुछ जगह डीजल की कमी जरूर सामने आई. गांव में अवैध वसूली यानी ब्लैक में पेट्रोल खरीदना पड़ रहा है. पेट्रोल पंप कर्मियों ने बताया कि पेट्रोल की सप्लाई लगातार जारी है और अभी तक कोई कमी नही हुई है.
इस मामले में जिले के अधिकारी सजग हैं उनका कहना है कि राज्य शासन के दिशा निर्देश पर पेट्रोल पंप संचालकों को उद्योगों को ज्यादा पेट्रोल व डीजल देने पर रोक लगा दी गई है. साथ ही साथ पेट्रोल पंपों में आने वाले ग्राहकों के अलावा कैन, बोतल व ड्रम में तेल देने के लिये मना कर दिया गया है.
लखीसराय में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई सामान्य
बिहार के लखीसराय में भारत पेट्रोल पंप पर स्थित समान्य है. वहीं बाईपास पर वीणा नारायण पेट्रोल पम्प पर पेट्रोल डीजल नहीं था. पेट्रोल पंप मालिक विनायक कुमार ने बताया की पंप को पेट्रोल अल्टरनेट मिल रहा है. आज हमारे पंप पर डीजल-पेट्रोल नही है. तेल की दिक्कत है. वहीं पेट्रोल लेने आये उपभोक्ता ने बताया कि उसे पेट्रोल नहीं मिला है. पंप मालिकों का कहना है कि सप्लाई अल्टरनेट दिनों में मिल रही है, जिससे एक-दो दिन का गैप आ जाता है. आजतक की टीम मौके पर पहुंची और पाया कि कुछ जगह महंगे पेट्रोल की बिक्री जारी है, जबकि सस्ते वैरिएंट की कमी के कारण ग्राहकों को मजबूरी में ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है.
सहारनपुर में भी नहीं हो ही परेशानी
सहारनपुर के कोर्ट रोड समेत अन्य पेट्रोल पंपों पर स्थिति सामान्य बनी हुई है और लोगों को बिना किसी परेशानी के आसानी से पेट्रोल मिल रहा है. किसी भी पेट्रोल पंप पर न तो लंबी लाइनें हैं और न ही अफरा-तफरी का माहौल. स्थानीय लोगों से बातचीत में भी यही बात सामने आई कि सहारनपुर में पेट्रोल की कोई बड़ी कमी नहीं है. दीपेश अग्रवाल, संजय गर्ग और पवन चुग जैसे लोगों ने बताया कि उन्हें आराम से पेट्रोल मिल रहा है और 1-2 मिनट में ही उनकी बारी आ जा रही है.
वहीं पेट्रोल पंप मैनेजर अमित गुप्ता के मुताबिक सप्लाई में थोड़ी बहुत दिक्कत जरूर है, लेकिन पेट्रोल की उपलब्धता बनी हुई है. पंप पर लगातार पेट्रोल आ रहा है और सामान्य तरीके से बिक्री हो रही है. उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है.
भुवनेश्वर में भी हालत सामान्य
ओडिशा के भुवनेश्वर में भी पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता बेहतर नजर आई. यहां बिना किसी परेशानी के पेट्रोल और डीजल मिल रहा है. एक ग्राहक माधव ने बताया कि, 'हमें पर्याप्त पेट्रोल और डीजल मिल रहा है. यह महीना पिछले महीने से बेहतर है.' वहीं, पेट्रोल पंप मैनेजर ने कहा कि, 'अब सप्लाई चेन सही तरीके से चल रही है. यहां अब लंबी कतारें भी नहीं हैं. सब कुछ ठीक चल रहा है.'

सूरत (गुजरात) में राहत भरी तस्वीर
गुजरात के सूरत शहर में राहत भरी तस्वीर सामने आई, जहां शहरी इलाकों के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं दिखी. वाहन चालक बिना किसी लाइन के आसानी से ईंधन भरवा रहे हैं. पंप मैनेजरों का कहना है कि उन्हें नियमित रूप से सप्लाई मिल रही है. लेकिन जैसे ही टीम ग्रामीण इलाकों की ओर बढ़ी, वहां स्थिति अलग दिखी—कुछ पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद मिले और बैरिकेड लगाकर वाहनों को रोका जा रहा था. कर्मचारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटे से सप्लाई नहीं आई है, जिससे दिक्कत बढ़ गई है.
कोटा में नियंत्रित रही स्थिति
राजस्थान के कोटा में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नजर आई. शहर के अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर जांच के दौरान कहीं भी पेट्रोल-डीजल की कमी या भीड़ नहीं दिखी. सभी पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और ग्राहकों को बिना किसी परेशानी के ईंधन मिल रहा है. पंप एसोसिएशन का कहना है कि कंपनियों से नियमित सप्लाई मिल रही है और हालिया अफवाहों के चलते कुछ समय के लिए डिमांड जरूर बढ़ी थी, लेकिन अब हालात सामान्य हैं.

जोशीमठ/चमोली में भी राहत
उत्तराखंड के जोशीमठ और बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर भी फिलहाल राहत की स्थिति है. यात्रा शुरू होने के बावजूद पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है. यात्रियों का कहना है कि उन्हें रास्ते में कहीं भी पेट्रोल-डीजल की कमी का सामना नहीं करना पड़ा. पंप प्रबंधन ने भी भरोसा दिलाया है कि फिलहाल स्टॉक पर्याप्त है और सप्लाई सुचारु रूप से जारी है.
झांसीः सीएनजी पंपों पर लंबी कतारें
उत्तर प्रदेश के झांसी में पेट्रोल और डीजल को लेकर कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई. शहर के सभी प्रमुख पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को आसानी से ईंधन मिल रहा है और सप्लाई भी सामान्य है. हालांकि जिन पंपों पर सीएनजी उपलब्ध है, वहां लंबी कतारें जरूर देखने को मिल रही हैं. ग्राहकों का कहना है कि सीएनजी के लिए उन्हें एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है.
मुजफ्फरपुर में भी स्थिति सामान्य
बिहार के मुजफ्फरपुर में भी स्थिति सामान्य बनी हुई है. शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर न तो लंबी कतारें दिखीं और न ही किसी तरह की अफरातफरी. ग्राहकों और पंप प्रबंधन दोनों का कहना है कि पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई में कोई बाधा नहीं है. शुरुआती दिनों में हल्की दिक्कत जरूर आई थी, लेकिन अब हालात पूरी तरह सामान्य हो चुके हैं.
कुल मिलाकर देश के ज्यादातर शहरों में फिलहाल पेट्रोल-डीजल की सप्लाई सामान्य बनी हुई है, लेकिन कुछ ग्रामीण इलाकों में आंशिक दिक्कत और ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतें जरूर सामने आ रही हैं. सरकार और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.