
होली के मौके पर घर लौटने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है. रेलवे ने भी यात्रियों की सुविधा के लिए देशभर में कई होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है. इस बीच फ्लाइट टिकटें फिर महंगी हो गई हैं. त्योहार से कुछ दिन पहले फ्लाइट टिकटों के रेट्स लगातार बढ़ रहे हैं. कुछ रूट्स पर टिकटें लगभग डबल कीमतों पर बिक रहीं हैं.
अगर आप होली पर हवाई यात्रा करके घर जाने का प्लान बना रहे हैं तो आपको सामान्य किराए से अधिक भुगतान करना पड़ सकता है. इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (दिल्ली) से जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट (पटना) की 28 फरवरी की इंडिगो फ्लाइट का किराया 12,800 रुपये से अधिक पहुंच गया है.
1 मार्च के लिए भी किराया करीब 12,000 रुपये बताया जा रहा है. कुछ दिन पहले यही टिकट लगभग 10 हजार रुपये में मिल रही थी. जैसे-जैसे होली के दिन नजदीक आ रहे हैं, टिकटें और महंगी होती जा रही है. हालांकि होली से ठीक एक दिन पहले टिकट 9,000 रुपये से कुछ अधिक पर उपलब्ध बताई गई हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-मुंबई-बनारस रूट पर होली स्पेशल ट्रेनें शुरू, जानें किस दिन कौन सी ट्रेन चलेगी?

मुंबई से वाराणसी की फ्लाइट टिकटें तो और भी महंगी हो गई हैं. इंडिगो की वेबसाइट के मुताबिक 28 फरवरी को इसकी कीमत 14 हजार 400 रुपये से अधिक बताई जा रही है.
छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (मुंबई) से लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट (वाराणसी) की टिकटें कुछ दिन पहले आज से कम कीमत पर उपलब्ध थीं, लेकिन अब त्योहार नजदीक आने के साथ ही महंगी हो रही हैं. वहीं, होली से एक दिन पहले आप इस टिकट की ऑनलाइन बुकिंग करीब 8,000 रुपये की शुरुआती कीमतों में कर सकते है.
त्योहार के चलते इन प्रमुख रूट्स पर इस समय मांग बढ़ने से दाम ऊंचे बने हुए हैं. आप goindigo.in पर जाकर ताजा रेट्स जान सकते हैं.
बिहार जाने वाली बसों का किराया सस्ता
अगर आप होली के मौके पर बिहार जाने का प्लान कर रहे हैं, तो बस से यात्रा करना आपके लिए किफायती साबित हो सकता है. बिहार सरकार यात्रियों की सुविधा के लिए खास फेस्टिवल सब्सिडी दे रही है. जिससे यात्रा का खर्च कम हो गया है.
दिल्ली (आईएसबीटी आनंद विहार) से पटना (गांधी मैदान) तक का सफर अब ₹1254 में किया जा सकता है, जबकि सामान्य किराया ₹1873 बताया गया है. इसके अलावा गुरुग्राम से पटना का किराया भी कम कर दिया गया है.
यात्री bsrtc.bihar.gov.in वेबसाइट पर जाकर रेट्स चेक कर सकते हैं या फिर टोल-फ्री नंबर 18003457251 पर कॉल करके जानकारी पा सकते हैं.