भारतीय विदेश मंत्रालय ने अमेरिका इजरायल और ईरान के बीच हुए सीजफायर पर अपना स्टेटमेंट जारी किया. वहीं,कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सात सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को बदल दिया है. इन खबरों के अलावा, सीएम योगी ने लखनऊ में बैठक कर प्रदेश में बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान की समीक्षा की. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.
'उम्मीद है ये शांति लंबी चलेगी', US-ईरान सीजफायर पर भारत का पहला रिएक्शन
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच हुए सीजफायर पर भारत का पहला स्टेटमेंट आया है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने हाल के घटनाक्रमों पर बयान जारी करते हुए सीजफायर का स्वागत किया है. विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया कि हम युद्धविराम का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी.
कांग्रेस ने हावड़ा सीट पर प्रणब भट्टाचार्य को उतारा, पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर बदले उम्मीदवार
कांग्रेस के लिए बंगाल चुनाव के लिए उम्मीदवारों को लेकर दुविधा खत्म नहीं हो रही है. पार्टी ने 7 सीटों पर उम्मीदवार बदल दिए हैं. इन सीटों में नाकाशिपाड़ा, छपरा, मंदिराबाजा, मिनाखां शामिल हैं. पार्टी ने जिन सीटों पर उम्मीदवार बदले हैं, उन पर मतदान 29 अप्रैल को होना है. इनके अलावा पार्टी ने हावड़ा से प्रणव भट्टाचार्च को टिकट दिया है.
यूपी में बेमौसम बारिश, ओले और आकाशीय बिजली ने मचाई तबाही, CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में बैठक कर प्रदेश में बेमौसम बारिश और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान की समीक्षा की. पिछले एक हफ्ते में प्राकृतिक आपदा के कारण यूपी में 20 लोगों की जान गई है, जबकि 12 लोग घायल हुए और 33 पशुओं की हानि हुई है. सीएम योगी ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीड़ितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए.
चांदी के रेट में भारी इजाफा, सोना भी महंगा, 24 कैरेट गोल्ड फिर 1 लाख 52 हजार के पार
सोने चांदी की कीमतों में फिर भारी उछाल आया है. बुधवार को 24 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 52 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गई है. वहीं, चांदी के रेट में भी भारी इजाफा हुआ है. अब चांदी का रेट 2 लाख 44 हजार रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है, जो बीते कारोबारी दिन शाम को बाजार बंद होने के समय 2 लाख 30 हजार 881 रुपये था.
IPL 2026: CSK के लिए कब मैच खेलने उतरेंगे धोनी? इंजरी पर आई बैड न्यूज
चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल 2026 में अभी कुछ और समय तक महेंद्र सिंह धोनी के बिना खेलना होगा. फ्रेंचाइजी ने पुष्टि की है कि धोनी अभी भी अपनी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और वह अगला मैच भी नहीं खेल पाएंगे. धोनी ने इस सीजन एक भी मैच नहीं खेला है. 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भी वह नहीं खेलेंगे.
मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, CRPF की फायरिंग में मरने वालों का आंकड़ा 3 तक पहुंचा, इंटरनेट सेवाओं में आंशिक राहत
मणिपुर में एक बार फिर हिंसा ने हालात को तनावपूर्ण बना दिया है. हालिया हिंसा में CRPF की फायरिंग में घायल हुए एक युवक की बुधवार को मौत हो गई. मृतक की पहचान 31 वर्षीय वांगहेंगबम बॉबी के रूप में हुई है. वह बिष्णुपुर जिले का रहने वाला था. इस मौत के बाद फायरिंग में मरने वालों की संख्या 3 हो गई है. मंगलवार को 2 लोगों की जान गई थी.
अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में नहीं होगी क्रिश्चियन मिशेल की रिहाई, दिल्ली हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका
अगस्ता वेस्टलैंड चॉपर घोटाले में बंद क्रिश्चियन मिशेल जेम्स ने दिल्ली हाई कोर्ट में रिहाई के लिए याचिका दायर की थी. हाई कोर्ट में इस याचिका पर बुधवार को सुनवाई हुई. हालांकि, दिल्ली हाई कोर्ट ने सुनवाई के बाद उसकी याचिका को खारिज कर दिया है. CBI, ED और केंद्र सरकार ने क्रिश्चियन मिशेल की याचिका का कोर्ट में विरोध किया.
वंदे भारत के खाने में निकला कीड़ा, IRCTC ने ठोका 10 लाख का जुर्माना!
अहमदाबाद मुंबई वंदे भारत ट्रेन में मुंबई के बिजनेसमैन आदित्य डिडवानिया को परोसे गए खाने में कीड़ा निकलने का मामला सामने आया है. इसके बाद आदित्य ने इसकी शिकायत X पर IRCTC से की. कुछ ही देर में उनका पोस्ट वायरल हो गया. IRCTC ने तुरंत इस शिकायत पर प्रतिक्रिया दी और फिर घटना की जांच के बाद फूड सप्लायर पर 10 लाख का जुर्माना लगा दिया.
Good News: आज तो जश्न मनाओ... रुपया मजबूत, शेयर बाजार बम-बम, सोने-चांदी ने भी लगाई दौड़!
अमेरिका ईरान सीजफायर की घोषणा से पूरी दुनिया ने राहत की सांस ली है. भारत में भी इसका सीधा और सार्थक असर देखने को मिला है. आज शेयर बाजार, सर्राफा बाजार और रुपया में तेजी आई है. डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया भी आज काफी मजबूत स्थिति में दिखा. डॉलर के मुकाबले रुपया 50 पैसे मजबूत होकर 92.56 के स्तर पर पहुंच गया.
11 साल बाद सतलोक आश्रम प्रमुख रामपाल को मिली राहत, देशद्रोह के मामले में हाईकोर्ट ने दी जमानत
सतलोक आश्रम के प्रमुख रामपाल को बड़ी राहत मिली है. पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने रामपाल को देशद्रोह के मामले में जमानत दे दी है. हालांकि, उनकी रिहाई तुरंत होगी या नहीं, यह आगे की कानूनी प्रक्रिया और शर्तों पर निर्भर करेगा. रामपाल पिछले करीब 11 साल, 4 महीने और 20 दिन से जेल में बंद थे. इस फैसले के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है.